Putin Trump Meeting: ट्रंप और पुतिन के बीच होने वाली मुलाकात से भारत को होगा फयादा! जानें अमेरिका के टैरिफ बम से कैसे मिलेगी राहत

ट्रंप और पुतिन के बीच होने वाली मुलाकात से भारत को होगा फयादा! जानें  अमेरिका के टैरिफ बम से कैसे मिलेगी राहत
  • अलास्का में पुतिन और ट्रंप के बीच होगी बैठक
  • रूस-यूक्रेन युद्ध के सीजफायर होने पर होगी चर्चा
  • जानें ट्रंप और पुतिन की मुलाकात से भारत को होगा फायदा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच आज यानी शुक्रवार को अलास्का में बैठक होगी। इस बैठक के दौरान रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे संघर्ष को रोकने पर मंथन होगा। ऐसे में यदि इस बात पर सहमति बनती है तो अमेरिका द्वारा भारत पर रूस से तेल आयात पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने से बचाया जा सकता है।

पुतिन और ट्रंप की मीटिंग से भारत को होगा फायदा

हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फॉक्स रेडियो को इंटरव्यू में रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ समझौता होने की संभावना जताई है। जबकि, पुतिन ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध की समाप्ति के लिए ट्रंप ईमानदारी से प्रयास कर रहे हैं। अगर शिखर सम्मेलन के माध्यम से शांति समझौता होता है तो भारत 27 अगस्त को लगाए जाने वाले तेल शुल्क से बच सकता है। हालांकि पुतिन-ट्रंप के बीच होने वाली इस बैठक में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की शामिल नहीं हो रहे हैं।

बता दें, हाल ही में यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से मुलाकात की थी। दोनों नेताओं ने संयुक्त बयान में कहा था कि ट्रंप-पुतिन वार्ता प्रगति का एक व्यवहार्य अवसर प्रस्तुत करती है, बशर्ते पुतिन यह साबित करने के लिए कदम उठाएं कि वह शांति के प्रति गंभीर हैं। जेलेंस्की बेशक ट्रंप और पुतिन के बीच होने वाली बैठक का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन उन्होंने कहा है कि यूक्रेन से संबंधित हर चीज का निर्णय यूक्रेन की भागीदारी से ही लिया जाना चाहिए।

आगामी बैठक में यूक्रेनी राष्ट्रपति भी होंगे शामिल

वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भी अंतिम समझौता के लिए राष्ट्रपति जेलेंस्की और पुतिन की सहमति पर जोर दिया है। उन्होंने कहा है कि अलास्का में पुतिन के साथ होने वाली उनकी बैठक अगले दौर की बैठक की रूप रूपरेखा तय करेगी। माना जा रहा है कि अगली बैठक अलास्का में ही हो सकती है। जिसमें यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की भी शामिल हो सकते हैं।

इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि दूसरे दौर की वार्ता ज्यादा अहम होगी। उन्होंने कहा कि इस वार्ता में उनके, रूस और यूक्रेन के राष्ट्रपति के अलावा कई यूरोपिय नेता भी शामिल हो सकते हैं। ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली और पोलैंड जैसे यूरोपीय देशों ने रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के अमेरिकी राष्ट्रपति के प्रयास की सराहना की है।

Created On :   15 Aug 2025 8:16 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story