हमले: पाकिस्तान के कराची में हुए आत्मघाती हमले में पांच जापानी नागरिक बाल-बाल बचे

पाकिस्तान के कराची में हुए आत्मघाती हमले में पांच जापानी नागरिक बाल-बाल बचे
  • सुजुकी मोटर्स के लिए काम कर रहे जापानी नागरिक
  • दो सुरक्षाकर्मियों और एक राहगीर घायल
  • हमले की किसी ने नहीं ली जिम्मेदारी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान में सिंध प्रांत के कराची में शुक्रवार को जापान के पांच नागरिक आतंकवादियों के आत्मघाती हमले में बाल-बाल बच गए। जापानी नागरिक ज़मज़मा, क्लिफ्टन में अपने निवास से ‘निर्यात प्रसंस्करण क्षेत्र’ की ओर जा रहे थे। तभी ये हमला हुआ। पुलिस ने यह जानकारी दी। सुजुकी मोटर्स’ के लिए काम कर रहे पांच जापानी नागरिकों की वैन को एक आत्मघाती हमलावर और एक बंदूकधारी ने निशाना बनाया। यह देश में विदेशी नागरिकों पर हमले की ताजा घटना है।

यूनीवार्ता से मिली जानकारी के अनुसार पाकिस्तान के कराची शहर के लांधी इलाके में जापानी नागरिकों को ले जा रही गाड़ी पर आत्मघाती हमला किया गया। इस हमले में पांच जापानी नागरिक बाल-बाल बचे। हालांकि उनकी सुरक्षा में लगे सुरक्षाकर्मी और एक राहगीर घायल हो गया, जिन्हें घायल अवस्था में ही नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। जिन्ना अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि कुल तीन घायलों- दो सुरक्षाकर्मियों और एक राहगीर को चिकित्सा केन्द्र में लाया गया जिनमें से दो की हालत गंभीर है। अस्पताल ने पुष्टि की है कि कोई विदेशी नागरिक को अस्पताल नहीं लाया गया है।

पुलिस ने हमले के बारे में बताया कि हमले में वाहन चालक और सिक्योरिटी गार्ड भी घायल हुए हैं। जापानी नागरिकों की गाड़ी में आज हुए हमले के बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आतंकवादी मारे गए है। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, सभी जापानी नागरिक सुरक्षित हैं।

भाषा के मुताबिक उप महानिरीक्षक (पूर्व) अजफर महेसर ने हमले की जानकारी देते हुए कहा कि मोटरसाइकिल सवार आतंकवादियों ने लांधी में मुर्तजा चौरंगी के पास जापानी नागरिकों की वैन को टक्कर मारने का प्रयास किया। उन्होंने बताया है कि जापान के ये नागरिक पाकिस्तान सुजुकी मोटर्स में काम करते हैं। उप महानिरीक्षक महेसर ने कहा, ‘‘ सभी पांचों जापानी नागरिक सुरक्षित हैं लेकिन उसके साथ मौजूद निजी सुरक्षाकर्मी घायल हो गया है।

आतंकवाद रोधी विभाग के उप महानिरीक्षक आसिफ ऐजाज शेख ने कहा कि जापानी नागरिक दो सुरक्षाकर्मियों के साथ एक वैन में यात्रा कर रहे थे तभी आतंकवादियों ने उनकी वैन को टक्कर मारने की कोशिश की। अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने एक आतंकवादी को मार गिराया, जबकि दूसरे ने वैन के करीब पहुंचने के क्रम में विस्फोट करके खुद को उड़ा लिया। शेख ने बताया कि‘‘ सभी पांचों जापानी नागरिक सुरक्षित हैं।’’ उन्होंने बताया कि अभी किसी ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। जापानी नागरिकों का वाहन बुलेट फ्रूट था।

सिंध के परिवहन मंत्री शरजील इनाम मेमन ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि समय पर पुलिस की कार्रवाई ने आतंकवादियों के नापाक इरादों को विफल कर दिया। सिंध के गवर्नर कामरान टेसोरी ने आत्मघाती हमले की निंदा की और घटना पर रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने कहा शहर में आतंकवाद को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।)

Created On :   19 April 2024 1:47 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story