Pakistan Afghanistan War: काबुल में PAK के हवाई हमले में भड़का भारत, 400 लोगों की मौत पर पाकिस्तान को लगाई लताड़

काबुल में PAK के हवाई हमले में भड़का भारत, 400 लोगों की मौत पर पाकिस्तान को लगाई लताड़
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बॉर्डर विवाद को लेकर तनाव जारी है। इस बीच पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबूल को निशाना बनाया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बॉर्डर विवाद को लेकर तनाव जारी है। इस बीच पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबूल को निशाना बनाया। इस हवाई हमले में बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो गई। इसे लेकर भारत ने कड़े शब्दों में निंदा की है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने बयान जारी करते हुए पाकिस्तान के हमले को अमानवीय और निंदनीय बताया है। इतना ही नहीं, बल्कि भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की अपील की है।

भारत ने काबुल में पाकिस्तान के हमले की निंदा की

विदेश मंत्रालय ने काबुल स्थित ओमिद एडिक्शन ट्रीटमेंट अस्पताल पर हुए हवाई हमले की निंदा की है। मंत्रालय के मुताबिक, 16 मार्च की रात किया गया यह हमला बर्बर, कायरतापूर्ण और अमानवीय है, जिसमें बड़ी संख्या में निर्दोष नागरिकों की जान गई।

विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट कहा कि यह अस्पताल एक ऐसा संस्थान था, जिसे किसी भी स्थिति में सैन्य लक्ष्य नहीं माना जा सकता। साथ ही आरोप लगाया कि पाकिस्तान इस घटना को सैन्य कार्रवाई बताने की कोशिश कर रहा है।

मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान की यह कार्रवाई अफगानिस्तान की संप्रभुता पर सीधा हमला है और यह क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए गंभीर खतरा पैदा करती है। यह कदम पाकिस्तान के लापरवाह रवैये को भी दर्शाता है।

भारत ने पाकिस्तान पर लगाया ये आरोप

भारत ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान अपनी आंतरिक समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए सीमा पार हिंसा का सहारा लेता रहा है और यह घटना उसी प्रवृत्ति का हिस्सा है।विदेश मंत्रालय ने कहा कि रमजान के पवित्र महीने में इस तरह का हमला इसे और भी ज्यादा निंदनीय बनाता है। यह समय शांति, आत्ममंथन और दया का होता है, ऐसे में अस्पताल और मरीजों को निशाना बनाना किसी भी धर्म या कानून के तहत उचित नहीं है।

भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस घटना के जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने और अफगानिस्तान में नागरिकों को निशाना बनाने की घटनाओं को तुरंत रोकने की मांग की है।

विदेश मंत्रालय ने हमले में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही भारत ने इस कठिन समय में अफगानिस्तान के लोगों के साथ एकजुटता जताते हुए उसकी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपना समर्थन दोहराया है।

Created On :   17 March 2026 3:14 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story