Pakistan-Afghanistan Tension: पाकिस्तान की काबुल में ताबड़तोड़ एयरस्ट्राइक, 400 लोगों ने गंवाई जान, मिडिल ईस्ट तनाव के बीच अफगानिस्तान का बड़ा दावा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट तनाव के बीच अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने पाकिस्तान पर गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सोमवार रात काबुल में एक बड़े ड्रग रिहैबिलिटेशन हॉस्पिटल पर एयर स्ट्राइक की गई। इस हमले में करीब 400 लोगों की मौत हो गई और 250 लोग घायल हो गए। इस घटना पर अफगानिस्तान के क्रिकेटर्स की रिएक्शन आया है। उन्होंने हमले की कड़ी निंदा की है।
यह भी पढ़े -ईरान संघर्ष को लेकर ट्रंप पर बरसे डेमोक्रेट हकीम जेफ्रीज, बोले- अमेरिका को बेवजह युद्ध में धकेल दिया
यह भी पढ़े -भारत सरकार का होर्मुज समुद्री मार्ग की सुरक्षा पर बड़ा बयान, ट्रंप की अपील और ईरान के साथ बातचीत को लेकर MEA का स्पष्ट रुख
पाक ने ली मरीजों की जान
तालिबान के डिप्टी प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत के अनुसार, यह हमला रात करीब 9 बजे हुआ। निशाना बने ओमिद नाम के अस्पताल में करीब 2,000 नशा पीड़ित मरीजों के इलाज की सुविधा थी। हमले के बाद अस्पताल का बड़ा हिस्सा नष्ट हो गया और वहां आग लगने की भी घटना सामने आई। राहत और बचाव टीमें अब भी मलबे में फंसे लोगों को निकालने का काम कर रही हैं। हालांकि पाकिस्तान ने इस हमले में किसी भी तरह की भूमिका से इनकार किया है।
हमले की निंदा
अफगानिस्तान के क्रिकेटरों ने काबुल पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। राशिद खान ने कहा कि काबुल में पाकिस्तानी हवाई हमलों के कारण आम नागरिकों के हताहत होने की ताजा रिपोर्टों से मुझे गहरा दुख हुआ है। आम नागरिकों के घरों, शिक्षण संस्थानों या चिकित्सा सुविधाओं को निशाना बनाना चाहे जान-बूझकर किया गया हो या गलती से एक युद्ध अपराध है। इंसानी जानों के प्रति इस तरह की घोर उपेक्षा, खासकर रमजान के पवित्र महीने में, बेहद घिनौनी और गहरी चिंता का विषय है। इससे केवल फूट और नफरत ही बढ़ेगी। मैं संयुक्त राष्ट्र और अन्य मानवाधिकार एजेंसियों से अपील करता हूं कि वे इस ताजा अत्याचार की गहन जांच करें और इसके दोषियों को जवाबदेह ठहराएं। इस मुश्किल घड़ी में मैं अपने अफगान लोगों के साथ खड़ा हूं। हम इस सदमे से उबरेंगे, और एक राष्ट्र के रूप में फिर से उठ खड़े होंगे। हम हमेशा ऐसा ही करते आए हैं। इंशाअल्लाह!
'हमारे भाई रोजा रखने वाले थे'
क्रिकेटर इब्राहिम जादरान ने कहा कि आज रात मैंने यहां काबुल में एक जबरदस्त धमाका सुना। कुछ ही पलों बाद हमने एक अस्पताल से आसमान की ओर लपटें उठते देखीं। हमारे वे भाई, जो कल रोजा रखने वाले थे, अब या तो इस दुनिया में नहीं रहे, या फिर घायल हैं। आज रात जो भी परिवार शोक में डूबा है, मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं। काबुल दर्द में है। हम न्याय के लिए प्रार्थना करते हैं।
Created On :   17 March 2026 9:40 AM IST












