Israel-US Iran War: क्या अमेरिका-ईरान के बीच हो गई सुलह? युद्ध रोकने के प्रस्ताव पर चर्चा करने के लिए राजी हुआ ईरान

क्या अमेरिका-ईरान के बीच हो गई सुलह? युद्ध रोकने के प्रस्ताव पर चर्चा करने के लिए राजी हुआ ईरान
मिडिल ईस्ट में इजराइल-अमेरिका-ईरान की जंग से अन्य देशों पर असर पड़ रहा है। इसका मुख्य कारण ग्लोबल ऑयल सप्लाई चेन का रुकना है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में इजराइल-अमेरिका-ईरान की जंग से अन्य देशों पर असर पड़ रहा है। इसका मुख्य कारण ग्लोबल ऑयल सप्लाई चेन का रुकना है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए कोई समझौता हो जाता है तो तेल की कीमतें तेजी से गिरेंगी। इस बीच ईरान ने कहा है कि अमेरिका की ओर से बातचीत के लिए संपर्क किया गया है और तेहरान उनकी बात सुनने के लिए तैयार हो गया है।

युद्ध रोकने के लिए अमेरिका-ईरान के बीच हुई बात

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार ईरानी सूत्र ने मंगलवार को बताया कि अमेरिका-तेहरान के बीच बातचीत हुई। ईरान युद्ध समाप्त करने के लिए स्थायी प्रस्तावों को सुनने को तैयार है। सूत्रों के मुताबिक, 'हाल के दिनों में वाशिंगटन की पहल पर अमेरिका और ईरान के बीच संपर्क हुआ है, लेकिन अभी तक कोई भी बातचीत पूर्ण स्तर तक नहीं पहुंची है। अलग-अलग मध्यस्थों के जरिए मैसेज मिले हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि युद्ध समाप्त करने के लिए कोई समझौता हो सकता है या नहीं।'

ईरान इस बात की सभी जरूरी गारंटी देने के लिए तैयार है कि वह कभी भी परमाणु हथियार नहीं बनाएगा, लेकिन उसे न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी के शांतिपूर्ण उपयोग का अधिकार है। सूत्र ने कहा कि किसी भी प्रस्ताव में ईरान पर लगाए गए सभी प्रतिबंधों को समाप्त करना भी शामिल होना चाहिए। सूत्रों के मुताबिक ईरान संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ बैठक या सीधी बातचीत की मांग नहीं कर रहा है, लेकिन अगर कोई ऐसा समझौता संभव हो पाता है जिससे ईरान के राष्ट्रीय हितों की रक्षा हो सके तो वह सुनने को तैयार है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने शनिवार को चेतावनी दी है कि अगर 48 घंटों के भीतर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से नहीं खोला गया तो यूएस ईरान के पावर प्लांट को नष्ट कर देगा। हालांकि इसके बाद 23 मार्च को ट्रंप ने अचानक उन हमलों पर पांच दिन का विराम लगा दिया और दावा किया कि अमेरिका ने ईरान के साथ सार्थक बात की है।

Created On :   24 March 2026 11:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story