Israel-US Iran War: मिडिल ईस्ट तनाव का बांग्लादेश पर गहर असर! कच्चे तेल की हो रही किल्लत, फ्यूल की शॉर्टेज से पेट्रोल पंप बंद

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में युद्ध रोकने की अटकलों के बीच अमेरिका-इजराइल-ईरान के बीच युद्ध जारी है। इस युद्ध को शुरू हुए 29 दिन बीत चुके हैं। दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे पर जवाबी हमले जारी हैं। इस युद्ध का खामियाजा अन्य देशों को भुगतना पड़ रहा है। भारत समेत दुनिया के कई देशों में तेल-गैस की किल्लत छाई हुई है। बांग्लादेश में हालात ये है कि कच्चे तेल की किल्लत से पेट्रोल पंप बंद हो रहे हैं। बांग्लादेश में फ्यूल की कमी से बंद हुए पेट्रोल पंप कर दिए गए हैं, जिस वजह से गाड़ी चलाने वालों को तेल के लिए भटकना पड़ा।
यह भी पढ़े -फिलीपींस में राष्ट्रीय ऊर्जा आपातकाल का ऐलान, राष्ट्रपति मार्कोस बोले- हालात गंभीर
बांग्लादेश में जेट फ्यूल की 79 फीसदी बढ़ी कीमत
मिडिल ईस्ट में जारी जंग के चलते बांग्लादेश ने जेट फ्यूल की कीमतों में 79 फीसदी की बढ़ोतरी की है। बांग्लादेश एनर्जी रेगुलेटरी कमीशन ने एक महीने के भीतर दूसरी बार ये आदेश जारी किया। युद्ध के शुरू होने के बाद से एविएशन फ्यूल की कीमतों में 111 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। अब इसकी कीमत 1.32 डॉलर प्रति लीटर निर्धारित की गई है।
इससे पहले मंगलवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोन पर बातचीत हुई है। इस दौरान दोनों नेताओं ने क्षेत्रिय स्थिरता बनाए रखने और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर बल दिया। बता दें, मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजराइल-ईरान में 28 फरवरी से जंग जारी है।
इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति का फोन आया था और दोनों नेताओं ने मीडिल ईस्ट की स्थिति पर चर्चा की।
पीएम मोदी ने कहा, "भारत तनाव कम करने और जल्द से जल्द शांति बहाल करने का समर्थन करता है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का खुला, सुरक्षित रहना पूरी दुनिया के लिए जरूरी है। हमने शांति और स्थिरता के प्रयासों के संबंध में संपर्क में रहने पर सहमति जताई।"
यह भी पढ़े -'पश्चिम एशिया जंग के समाधान के लिए भारत ने संवाद का रास्ता सुझाया', राज्यसभा में बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी और ट्रंप के बीच हुई बात
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा, "राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की। उन्होंने मिडिल ईस्ट की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की, जिसमें स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुला रखने के महत्व पर जोर दिया गया। इससे पहले ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा था कि उन्होंने ईरान को फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने के लिए दी गई समयसीमा बढ़ा दी है। उन्होंने ये भी कहा कि ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर संभावित हमले को पांच दिन के लिए टाल दिया गया है।"
इससे पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से फोन पर बात की थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया संघर्ष के वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर चर्चा की थी। इसमें ऊर्जा सुरक्षा अहम विषय रहा था। सोशल मीडिया पर एस जयशंकर ने बताया कि बातचीत में अंतरराष्ट्रीय अर्थव्यवस्था पर संकट के प्रभावों पर विस्तार से विचार हुआ और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताओं पर भी विशेष चर्चा की गई। दोनों पक्षों ने परस्पर प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर संपर्क में रहने पर सहमति जताई।
वाशिंगटन में अमेरिकी विदेश विभाग ने भी इस बातचीत की पुष्टि करते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की और सहयोग जारी रखने के महत्व पर जोर दिया। इसी क्रम में जयशंकर ने खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के सदस्य देशों सऊदी अरब, यूएई, ओमान, कतर, बहरीन और कुवैत के राजदूतों से मुलाकात कर क्षेत्रीय हालात और भारत की ऊर्जा सुरक्षा चिंताओं पर चर्चा की। उन्होंने भारतीय समुदाय को दिए जा रहे निरंतर समर्थन के लिए इन देशों का आभार भी जताया।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच वैश्विक तेल और गैस की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया है। माना जा रहा है कि होर्मुज मार्ग के अवरुद्ध होने से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर गंभीर असर पड़ सकता है। एस जयशंकर ने श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिथा हेरथ (Vijitha Herath) और जर्मनी के विदेश मंत्री से भी बात कर इस संकट के प्रभावों पर चर्चा की। भारत ने दोहराया कि वह क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ मिलकर काम करता रहेगा।
Created On :   24 March 2026 11:53 PM IST













