India-Russia Relations: ट्रम्प टैरिफ विवाद के बीच पीएम मोदी ने पुतिन से की बात, बोले - 'भारत में स्वागत करने के लिए उत्सुक'

ट्रम्प टैरिफ विवाद के बीच पीएम मोदी ने पुतिन से की बात, बोले - भारत में स्वागत करने के लिए उत्सुक
  • प्रधानमंत्री मोदी और रूसी राष्ट्रपति के बीच हुई फोन पर बात
  • कंफर्म हुआ पुतिन का भारत दौरा
  • कल अजीत डोभाल ने क्रेमलिन में पुतिन से की थी मुलाकात

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ट्रम्प टैरिफ विवाद के बीच भारत के पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की है। दोनों ने भारत-रूस संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी।

उन्होंने लिखा, 'मेरी राष्ट्रपति पुतिन के साथ बहुत अच्छी और डिटेल बातचीत हुई। मैंने यूक्रेन के हालात पर जानकारी शेयर करने के लिए उन्हें धन्यवाद कहा। हमने अपने आपसी सहयोग बढ़ाने और भारत-रूस की रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई। मैं इस साल के अंत में राष्ट्रपति पुतिन की भारत यात्रा का इंतजार कर रहा हूं।'

इससे पहले बुधवार को रूस यात्रा पर गए भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने क्रेमलिन में पुतिन से मुलाकात की थी। डोभाल और पुतिन की यह मुलाकात सुरक्षा, आर्थिक और ऊर्जा सहयोग पर द्विपक्षीय वार्ता के लिए हुई। इस मुलाकात के बाद रूस की सरकारी मीडिया स्पूतनिक ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें एनएसए डोभाल ने भारत-रूस संबंधों को अहम बताया। उन्होंने कहा, 'हमारा रिश्ता बहुत खास और पुराना है। हम अपनी रणनीतिक साझेदारी को बहुत महत्व देते हैं। हमें राष्ट्रपति पुतिन की भारत यात्रा की खबर से बहुत खुशी है। तारीखें लगभग तय हो चुकी हैं।'

भारत आएंगे पुतिन

रूस की न्यूज एजेंसी तास ने NSA अजीत डोभाल के हवाले से कल बताया था कि राष्ट्रपति पुतिन इस साल के अंत में भारत के दौरे पर आएंगे। अब मोदी से पुतिन की बातचीत में इस बात पर पक्की मुहर लग गई है। बता दें कि डोभाल की यह यात्रा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से रूस के साथ भारत के संबंधों पर दिये गए बयानों की वजह से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

बता दें कि ट्रंप ने बुधवार को भारत पर 25 प्रतिशत एक्स्ट्रा टैरिफ लगाना का ऐलान किया। इस तरह कुल टैरिफ 50 फीसदी तक पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इसकी वजह भारत द्वारा रूस से लगातार तेल खरीदना बताया।

Created On :   8 Aug 2025 8:58 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story