ब्रिटेन से प्रत्यर्पित होने पर माल्या को मुंबई के आर्थर रोड जेल में रखा जाएगा

डिजिटल डेस्क, लंदन। विजय माल्या के प्रत्यर्पण मामले में उनके वकील द्वारा भारतीय जेलों को असुरक्षित बताने के बाद कहा जा रहा है कि ब्रिटेन से प्रत्यर्पित होने पर माल्या को मुंबई के आर्थर रोड जेल में रखा जाएगा। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने यह बात कही है। भारत सरकार की ओर से इस मामले में पैरवी कर रहे क्रॉउन प्रोसीक्यूशन सर्विस (सीपीएस) ब्रिटेन के कोर्ट को अगले सप्ताह यह जानकारी देगा।
गौरतलब है कि विजय माल्या के प्रत्यर्पण मामले में चल रही सुनवाई के दौरान उनके वकील ने कहा था कि भारत में उनके मुवक्किल को जान का खतरा है। शराब कारोबारी विजय माल्या को भारत वापस लाने के लिए लंदन के वेस्टमिंस्टर कोर्ट में सुनवाई चल रही है। पिछली सुनवाई में उनके वकील ने प्रत्यर्पण से बचने के लिए यह नई दलील दी थी। इससे पहले माल्या के वकील ने भारत की जेलों की दुर्दशा का हवाला दिया था।
माल्या की ओर से आई इस नई दलील के बाद गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने रविवार को कहा है कि भारत लंदन के वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट कोर्ट से कहेगा कि कैदियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है। उन्होंने कहा कि भारत की जेल में माल्या की जान को खतरे की आशंका महज प्रत्यर्पण से बचने की दलील है।
अधिकारी ने यह भी बताया कि वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट कोर्ट को यह बताया जाएगा कि मुंबई की आर्थर रोड जेल भारत की सबसे अच्छी जेलों में से एक है। यहां माल्या की जान को खतरा नहीं होगा। उन्होंने कहा, "कोर्ट को यह जानकारी दी जाएगी कि ऑर्थर रोड जेल अंतरराष्ट्रीय मानक के अनुरूप पूरी तरह सुरक्षित है। यहां कैदियों के इलाज के लिए भी उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं।"
गौरतलब है कि विजय माल्या भारतीय बैंकों से 9000 करोड़ रुपए का कर्ज लेकर फरार हैं और लंदन में रह रहे हैं। 2 मार्च 2016 से ही माल्या लंदन में रह रहे हैं। ईडी और सीबीआई को माल्या की तलाश है। ED 4 बार विजय माल्या को समन भेज चुका है। प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) से जुड़े एक मामले में मुंबई की एक स्पेशल कोर्ट माल्या को भगोड़ा भी घोषित कर चुकी है। उनका पासपोर्ट भी रद्द किया जा चुका है। इसी साल फरवरी में भारत ने ब्रिटेन से माल्या के प्रत्यर्पण की भी अपील की थी।
Created On :   26 Nov 2017 9:22 PM IST