बांग्लादेश की मांग-भारत को बनाए इस्लामिक देशों के संगठन का पर्यवेक्षक

Bangladesh said India becomes the observer of Islamic organizations
बांग्लादेश की मांग-भारत को बनाए इस्लामिक देशों के संगठन का पर्यवेक्षक
बांग्लादेश की मांग-भारत को बनाए इस्लामिक देशों के संगठन का पर्यवेक्षक

डिजिटल डेस्क, ढाका। भारत की छवि खराब करने में जुटे पाकिस्तान को उसके ही पड़ोसी देश बांग्लादेश ने झटका दे दिया है। बांग्लादेश ने भारत को मुस्लिम बहुल देशों के संगठन OIC का पर्यवेक्षक बनाने का सुझाव दिया है। शनिवार को यहां ऑर्गनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन (OIC) के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में यह सुझाव दिया गया। बांग्लादेश के मंत्री अबुल हसन महमूद अली ने संगठन में सुधारों की मांग की है। उन्होंने कहा कि भारत जैसे देशों को OIC के पर्यवेक्षक सीट पर नियुक्त किया जा सकता है, जो मुस्लिम बहुल देश नहीं है। 

 

चीन भी कर सकता है समर्थन

बांग्लादेश ने कहा है कि भारत को मुस्लिम बहुल देशों के संगठन OIC का पर्यवेक्षक बनाया जाना चाहिए। चीन भी इस सुझाव का समर्थन कर सकता है। बता दें कि दुनियाभर की मुस्लिम आबादी का 10 प्रतिशत हिस्सा भारत में रहता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान शायद ही इस प्रस्ताव का स्वागत करे। क्योंकि वह इस फोरम का इस्तेमाल लगातार भारत पर निशाना साधने के लिए करता रहा है।

 

 

अली ने कहा, ऐसे बहुत से देश हैं, जो OIC के सदस्य नहीं लेकिन उनके देश में मुस्लिम नागरिक बड़ी संख्या में है। उन देशों में भले ही मुस्लिम अल्पसंख्यक हों, लेकिन संख्या के मामले में ये कई OIC देशों की कुल आबादी को भी पार कर जाते हैं।  

 

पाकिस्तान हमेशा करता रहा विरोध


बांग्लादेशी विदेश मंत्री अली ने कहा, उन गैर-OIC देशों के साथ भी दूरी को मिटाने की आवश्यकता है। जिससे बड़ी संख्या में मुस्लिम आबादी OIC द्वारा किए गए अच्छे कामों से अछूती न रहे। यही वजह है कि OIC के लिए सुधार और पुनर्गठन महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्तमान युग की जरूरतों को पूरा करने के लिए हमें अपने काम करने के तरीकों में बदलाव लाना होगा और पुनर्विचार करना होगा। बंगलादेश के इस सुझाव को OIC के सेक्रटरी जनरल ने भी अपना समर्थन दिया।


बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब भारत जैसे देश को OIC में शामिल करने की बात उठी हो। साल 2006 में पूर्व सऊदी किंग अब्दुल्लाह ने भी भारत को OIC का पर्यवेक्षक बनाए जाने की मांग की थी। बीते एक दशक में इस्लामी दुनिया के साथ भारत के संबंधों में काफी परिवर्तन देखने को मिला है। हालांकि पाकिस्तान ने हमेशा इस प्रस्ताव को वीटो किया। 1990 के दशक में जम्मू कश्मीर को लेकर भारत पर हमले के लिए पाकिस्तान OIC के मंच का इस्तेमाल करता था।

Created On :   6 May 2018 2:58 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story