कैटेलोनिया ने खुद को आजाद घोषित किया, स्पेन ने खत्म की स्वायत्ता

Catalonia parliament declare independence, Spain impose direct rule
कैटेलोनिया ने खुद को आजाद घोषित किया, स्पेन ने खत्म की स्वायत्ता
कैटेलोनिया ने खुद को आजाद घोषित किया, स्पेन ने खत्म की स्वायत्ता

डिजिटल डेस्क, मैड्रिड। स्पेन से अलग होकर कैटेलोनिया को एक नया देश बनाने की चल रही मुहिम में शुक्रवार को एक नया मोड़ आया है। कैटेलोनिया की संसद ने जहां खुद को स्पेन से आजाद घोषित कर दिया है, वहीं इस घोषणा के तुरंत बाद स्पेन की सरकार ने कैटेलोनिया की स्वायत्तता को समाप्त करने की घोषणा कर दी है। स्पेनीश सरकार के इस फैसले के बाद कैटेलोनिया पर अब सीधे स्पेन का शासन होगा।

 

कैटेलोनिया की संसद में बहुमत से आजादी की घोषणा
कैटेलोनिया की 135 सीटों वाली संसद में आज सुबह स्पेन से अलग होने के लिए वोटिंग हुई। इसमें 80 सांसदों ने हिस्सा लिया, जिसमें 70 वोट कैटेलोनिया की आजादी के पक्ष में पड़े, जबकि 10 वोट स्पेन के साथ जुड़े रहने के पक्ष में पड़ें। 2 सांसद इस वोटिंग में अनुपस्थित रहे। वहीं विपक्ष के 53 सांसदों ने इस वोटिंग का बहिष्कार किया। स्पेन से अलग होने के लिए मिले स्पष्ट बहुमत के बाद संसद में स्पेन के संविधान को ख़ारिज कर कैटेलोनिया की आजादी की घोषणा कर दी गई। 


कैटेलोनिया में जश्न का माहौल
संसद में एक नए गणराज्य के रूप में कैटलोनिया की घोषणा के बाद यहां के निवासी जश्न मनाने लगे। बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर कर नाच-गाने लगे। बार्सिलोना में संसद के बाहर अलगाववादी समर्थकों ने इस फैसले पर कैटेलोनिया राज्य के झंडे लहराकर खुशी का इजहार किया। 

 

कैटेलोनिया की स्वायत्ता खत्म
कैटेलोनिया की संसद में हुई आजादी की घोषणा के तुरंत बाद स्पेन की सीनेट ने कैटेलोनिया की स्वायत्ता खत्म करने का ऐलान कर दिया। इस ऐलान के बाद कैटेलोनिया का संवैधानिक दर्जा समाप्त हो जाएगा और उस पर सीधे स्पेन सरकार का शासन चलेगा।

जनमत संग्रह में 90 प्रतिशत थे आजादी के पक्ष में
इस महीने की शुरुआत में कैटेलोनिया में आज़ादी के मुद्दे पर जनमत संग्रह हुआ था। इस जनमत संग्रह में 43 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट किया था, जिनमें 90 प्रतिशत लोगों ने आज़ादी के पक्ष में अपना वोट दिया। हालांकि स्पेन की सरकार ने इस जनमत संग्रह को नकार दिया था। सरकार ने जनमत संग्रह के दौरान भी कई जगह वोटिंग रुकवा दी थी।

 

कैटेलोनिया का इतिहास
स्पेन में गृह युद्ध से पहले कैटेलोनिया को स्वायत्तता मिली हुई थी। सन् 1939 से 1975 के बीच रही ये स्वायत्ता सन् 1975-76 में खत्म कर दी गई। कैटलन राष्ट्रवाद उग्र होने पर सन् 1978 में एक बार फिर कैटेलोनिया को स्वायत्ता दी गई। सन् 2006 में उसे और अधिक ताकत दी गई, लेकिन सन् 2010 में स्पेन ने उसकी कुछ शक्तियां कम कर दी। इसके बाद से कैटेलोनिया में आंदोलन छिड़ने लगे और बात जनमत संग्रह तक पहुंच गई।

Created On :   27 Oct 2017 11:00 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story