चीन ने नए नक्शे में भारतीय जमीन पर किया कब्जा

China has released a map for the Doklam area
चीन ने नए नक्शे में भारतीय जमीन पर किया कब्जा
चीन ने नए नक्शे में भारतीय जमीन पर किया कब्जा

डिजिटल डेस्क, बीजिंग। चीन ने एक नया नक्शा जारी कर डोकलाम क्षेत्र को चीन का हिस्सा बताया है। इस नए मुद्दे ने एक बार फिर सिक्किम सेक्टर में चल रहे तनाव के बीच नया विवाद खड़ा कर दिया है। दरअसल, डोकलाम विवादित क्षेत्र है और सिक्किम-भूटान और तिब्‍बत की तिहरी सीमा पर स्थित है। इस क्षेत्र के अधिकार को लेकर चीन और भूटान के बीच काफी लंबे अर्से से विवाद है। चीन ने यह भी दावा किया है कि 1890 में ब्रिटिश-चीन संधि के अंतर्गत यह क्षेत्र दर्शाया गया है।

चीन के विदेश मंत्रालय ने कल रात मानचित्र जारी किया, जिसमे नीले तीर के निशान भारतीय सैनिकों की ओर दिखाए गए हैं और इस तरह भारतीय सैनिकों को इस क्षेत्र में चीनी सेना द्वारा किए जा रहे सड़क निर्माण से रोकने के लिए कथित तौर पर घुसपैठ करते हुए दिखाया है। नक्शे में कहा गया है कि डोकलाम इलाका चीन के मवेशियों का पारंपरिक चारागाह रहा है।

साथ ही चीन ने इस नए मैप के जरिए अपने उस दावे को मजबूती देने की एक मजबूत कोशिश की है, जिसमें उसने कहा था कि भारतीय सेना ने सिक्किम सेक्टर के विवादित डोकलाम क्षेत्र में घुसपैठ की है। इससे पहले चीन ने भारतीय सेना द्वारा कथित घुसपैठ की तस्वीरें जारी की थी। चीन इस क्षेत्र पर अपना दावा पेश करता रहा है।

भूटान भी चीन पर अपने सीमा क्षेत्र में सड़क का निर्माण कर दोनों देशों के बीच हुए समझौते का सीधा उल्लंघन करने का आरोप लगा चुका है।

गौरतलब है कि पिछले 4 दिनों से पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम से सटे चीन के बॉर्डर पर तनाव है। भारत और चीन की सेनाएं आमने-सामने है. दोनों देशों ने लगभग 3000 जवानों को तैनात कर रखा है। चीन ने भारतीय सैनिकों पर बॉर्डर में घुसने और सड़क निर्माण का काम रोकने का आरोप लगाया है।

Created On :   2 July 2017 11:42 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story