चीन का दक्षिण एशिया में प्रवेश हुआ आसान, तिब्बत से नेपाल के बीच हाईवे खोला

डिजिटल डेस्क, बीजिंग। चीन ने दक्षिण एशिया में प्रवेश पाने के लिए तिब्बत से होकर नेपाल को जोड़ने वाले हाईवे को खोल दिया है। जिसका इस्तेमाल नागरिक एवं सैन्य उद्देश्यों को पूरा करने के लिए किया जाएगा। यह हाईवे रणनीतिक रूप से काफी अहम् माना जा रहा है। चीन के प्रमुख समाचार पत्र ग्लोबल टाइम्स में प्रकाशित एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि इस हाईवे के खुल जाने से चीन का दक्षिण एशिया में भी दखल बढ़ेगा। वहीं चीनी अधिकारियों ने इस हाईवे को व्यवहारिक करार दिया है। अधिकारियों का कहना है कि अगर नई दिल्ली साथ दे तो भारत के लिए भी चीन एक व्यापारिक गलियारे का निर्माण कर सकता है।
अरुणाचल प्रदेश के करीब से गुजरेगा
यह हाईवे तिब्बत की राजधानी ल्हासा से शुरू होकर नेपाल सीमा पर स्थित झांगमू से जुड़ेगा। यह हाईवे एक ओर नेपाल सीमा से जुड़ता है तो दूसरी ओर से तिब्बत में स्थित निंगची को जोड़ता है। यह हाईवे अरुणाचल प्रदेश की सीमा से भी काफी नजदीक है। इस हाईवे का इस्तेमाल विमानों के टेक ऑफ के लिए रनवे के तौर भी किया जा सकता है।
रेलवे लिंक का भी निर्माण मजबूती से चल रहा है
पिछले कुछ समय के दौरान चीन ने तिब्बत और नेपाल के बीच सड़क संपर्क में सुधार किया है। साथ ही दोनों इलाकों को रेल से जोड़ने का काम भी तेज़ी से चलाया जा रहा है। चीन रेल नेटवर्क के जरिए भी नेपाल तक पहुंच बनाने की योजना पर काम कर रहा है। गौरतलब है कि पिछले साल नेपाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के आग्रह पर चीन ने दोनों देशों के बीच रणनीतिक रेलवे लिंक बनाने की मंजूरी दी थी। इस रेलवे लिंक को बनाने का मकसद नेपाल की भारत पर निर्भरता को कम करना है।
Created On :   18 Sept 2017 11:16 PM IST