अपनी सेना पर सख्ती से नियंत्रण रखे भारत : चीन

डिजिटल डेस्क, पेइचिंग। उत्तर-पूर्वी सीमा पर भारतीय सेना की चौकसी बढ़ने पर चीन ने नाराजगी जाहिर की है। चीन ने कहा है कि डोकलाम विवाद से सबक लेते हुए भारतीय सेना को सीमा पर संयम बरतने की जरूरत है। चीनी सेना की ओर से यह टिप्पणी आई है। यह टिप्पणी ऐसे समय पर आई है जब भारतीय सेना चीन से लगी हुई अपनी सीमाओं पर लगातार चौकसी बढ़ा रही है। चीन सेना ने इस पर अपना बयान जारी करते हुए कहा है कि भारत को अपनी सेना पर सख्ती से नियंत्रण करना चाहिए और सीमा पर शांति एवं स्थिरता बरकरार रखने के लिए सहयोग करना चाहिए।
चीनी रक्षा प्रवक्ता कर्नल रेन गुओकियांग ने गुरुवार को कहा कि भारत-चीन सीमा पर शांति किसी एक देश की कोशिशों से संभव नहीं है। इसके लिए दोनों देशों को लगातार प्रयत्न करने होंगे। उन्होंने कहा, "भारतीय सेना को सीमा पर संयम बरतना चाहिए और सीमा पर शांति एवं स्थिरता बरकरार रखने के लिए तय समझौतों का पालन करना चाहिए।"
रेन गुओकियांग ने इस दौरान डोकलाम विवाद पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि इस साल चीनी सेना ने कई मामलों को आसानी से सुलझाया, इनमें से ही एक डोकलाम विवाद भी था। उन्होंने कहा, "चीनी सेना ने राष्ट्रीय सुरक्षा के हितों और संप्रभुता की रक्षा बहुत अच्छे से की है और आगे भी वह अपना कर्तव्य अच्छे से निभाती रहेगी। भारत-चीन सीमा पर डोकलाम मसले को चीन की सेना ने सही तरीके से निपटाया है। इसके अलावा चीनी सेना ने दक्षिण चीन सागर में भी राष्ट्रीय हितों की सुरक्षा के लिए काम किया।"
गौरतलब है कि इसी साल जून में चीनी सैनिकों द्वारा भूटान के डोकलाम क्षेत्र में रोड बनाने को लेकर दोनों देशों के बीच विवाद शुरू हुआ था। भारतीय सैनिकों ने भारत, चीन और भूटान के इस ट्राइजंक्शन में पहुंचकर चीनी सेना को रोड बनाने से रोक दिया था। इस दौरान दोनों देशों के सैनिकों के बीच हाथापाई भी हुई थी। इस घटना के बाद करीब ढाई महीनों तक डोकलाम में भारतीय-चीनी सैनिक एक-दूसरे के सामने डंटे हुए थे। इस दौरान चीनी मीडिया ने कई बार भारत को युद्ध की धमकी भी दी थी। हालांकि अगस्त के अंत तक यह विवाद सुलझा लिया गया था।
बता दें कि डोकलाम भूटान का क्षेत्र है, जिस पर चीन अपना हिस्सा होने का दावा करता आया है। वहीं भारत का कहना है कि चीन डोकलाम पर कब्जा कर भारत-चीन और भूटान के ट्राइजंक्शन का नक्शा बिगाड़ना चाहता है।
Created On :   28 Dec 2017 9:26 PM IST