फ्लाइट में महिला को उठा लेबर पेन, भारतीय मूल के डॉक्टर ने कराई डिलीवरी

फ्लाइट में महिला को उठा लेबर पेन, भारतीय मूल के डॉक्टर ने कराई डिलीवरी

डिजिटल डेस्क, न्यूयार्क। भारतीय मूल के एक डॉक्टर ने 35 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे एक विमान में महिला की डिलीवरी कराई। दरअसल एयर फ्रांस की फ्लाइट जो पैरिस से न्यूयॉर्क जा रही थी उसमें अचानक एक 41 साल की महिला को प्रसव पीड़ा हुई। जिसके बाद भारतीय मूल के एक डॉक्टर मदद के लिए सामने आए और लेबर पेन से गुजर रही महिला की सुरक्षित डिलीवरी कराई। इसके बाद न सिर्फ गर्भवती महिला ने भारतीय मूल के डॉक्टर हेमल और उनके साथी डॉक्टर का शुक्रिया अदा किया, बल्कि फ्लाइट में सवार सहयात्री भी भारतीय डॉक्टर की सूझबूझ के कायल हो गए।

एयर फ्रांस की फ्लाइट पैरिस से न्यूयार्क जा रही थी। विमान जब करीब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर था तभी नाइजीरिया की एक महिला टॉइन ओगुनडाइप को प्लेन में लबर पेन हुआ। सबसे करीबी हवाई अड्डा दो घंटे की दूरी पर था। ऐसे में ये संभव नहीं था कि महिला को फ्लाइट लैंड करवाकर मेडिकल मदद दी जा सके। तभी फ्लाइट में  अनाउंसमेंट हुआ कि अगर कोई डॉक्टर है तो वह मदद करे। जिसके बाद छुट्टी पर चल रहे एक भारतीय मूल के अमेरिकी डॉक्टर हेमल ने उनकी बगल की सीट पर बैठे बच्चों के डॉक्टर सुसेन शेफर्ड के साथ मिलकर  महिला की डिलीवरी कराई।

करीब एक घंटे तक दोनों डॉक्टरों ने महिला को संभाले रखा और फिर फ्लाइट में ही एक लड़के को महिला ने जन्म दिया। बताया जा रहा है कि इस बच्चे का नाम जैक रखा गया है। यूरोलॉजी क्षेत्र में ही प्रैक्टिस करने के कारण हेमल अपने मेडिकल स्कूल में अब तक सात बच्चों का जन्म करा चुके हैं। हालांकि किसी विमान में कोई बच्चा पैदा करने का उनका यह पहला अनुभव था। हेमल की इस कामयाबी पर एयर फ्रांस ने उन्हें एक ट्रैवेल वाउचर देने के साथ शैंपेन की एक बॉटल भी भेंट की। 

सफलतापूर्वक महिला की डिलीवरी कराने के बाद खुशी जाहिर करते हुए डॉ. हेमल ने कहा, "मैं पहली बार फ‌र्स्ट क्लास में यात्रा कर रहा था। यह बात बताकर मैं अपने माता-पिता को हैरान करना चाहता था। तभी मुझे इस अद्भुत अनुभव से गुजरने का मौका मिला जिसे मैं जिंदगी भर याद रखूंगा। आपको बता दें कि  हेमल दिल्ली से पेरिस के रास्ते अमेरिका जा रहे थे। वह अमेरिका के क्लीवलैंड स्थित क्लीनिक्स ग्लिकमैन यूरोलॉजिकल एंड किडनी इंस्टीट्यूट के यूरोलॉजी विभाग (किडनी और मूत्र संबंधी) में दूसरे वर्ष के छात्र हैं। 

Created On :   31 Jan 2018 5:58 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story