इजिप्ट अटैक : मस्जिद में धमाके के बाद भाग रहे लोगों पर बरसीं गोलियां, 230 की मौत

Egypt : Bomb blast in northern Sinai regions Mosque, many killed
इजिप्ट अटैक : मस्जिद में धमाके के बाद भाग रहे लोगों पर बरसीं गोलियां, 230 की मौत
इजिप्ट अटैक : मस्जिद में धमाके के बाद भाग रहे लोगों पर बरसीं गोलियां, 230 की मौत

डिजिटल डेस्क, काहिरा। इजिप्ट के उत्तरी सिनाई क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा बम धमाका हुआ है। धमाका सूफी मस्जिद में नमाज पढ़ रहे लोगों को निशाना बनाते हुए किया गया है। इस बम धमाके में 230 लोगों की मौत हो गई है, वहीं 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। धमाका अरिश शहर के पश्चिम में बीर अल-अबद की एक प्रमुख अल रावदा मस्जिद में हुआ। यहां बम पहले से ही सेट कर दिया गया था। नमाज के दौरान यह फट गया। इसके बाद मची भगदड़ में मस्जिद से भाग रहे श्रद्धालुओं को भी निशाना बनाया गया। हमलावर मस्जिद के बाहर मौजूद थे। इन्होंने लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई।

इस हमले की किसी आतंकी संगठन ने फिलहाल जिम्मेदारी नहीं ली है। हमले के तुरंत बाद राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सीसी ने आपातकालीन बैठक बुलाई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस धमाके में मरने वालों की संख्या 300 के पार हो सकती है। उनका कहना है कि कई ऐम्बुलेंस से बड़ी संख्या में पीड़ितों को ले जाया गया है।

1 महिने पहले ही यहां आतंकियों ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया था। राजधानी से 135 किलोमीटर दूर गीजा प्रशासन के अल-वहात अल-बहरिया इलाके में आतंकियों ने 58 पुलिसकर्मियों को उड़ा दिया था।

बता दें कि इजिप्ट पिछले एक दशक से आतंक का सामना कर रहा है। इन घटनाओं में जुलाई 2013 के बाद से उस समय तेजी आ गई जब इस्लामिस्ट प्रेसीडेंट महम्मद मुर्सी को पद से हटा दिया गया था। इजिप्ट में आतंकी गतिविधयां ज्यादातर सिनाई प्रायद्वीप के उत्तरी हिस्से में ही केंद्रित रही हैं। इस इलाके में आईएस से संबद्ध समूहों से संघर्ष में सेना और पुलिस के सैकड़ों जवानों की मौत हो चुकी है। इजिप्ट के केंद्रीय भाग काहिरा और अलेक्जेंड्रिया में भी ऐसी आतंकी घटनाएं हुई हैं, जिनमें काप्टिक चर्चेज, सुरक्षा बलों और जजों को निशाना बनाया गया है।

Created On :   24 Nov 2017 7:49 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story