तूफान में फंस कर समुद्र में डूबा जहाज, 11 भारतीय लापता

डिजिटल डेस्क, मनीला। फिलीपींस तट के करीब प्रशांत महासागर में आए तूफान की चपेट में आ कर शुक्रवार को एक जहाज डूब गया। इस जहाज में 26 भारतीय सवार थे। जापान के तटरक्षक बल ने बताया कि हादसे का शिकार हुए जहाज के पास से गुजर रहे तीन अन्य जहाजों ने 15 भारतीय क्रू मेंबर्स को बचा लिया। 11 भारतीय क्रू मेंबर्स अब भी गायब हैं। जापान तटरक्षक ने अपने एक बयान में बताया कि 33205 टन वजनी हांगकांग में रजिस्टर्ड एमराल्ड स्टार जहाज पर 26 भारतीय नागरिक सवार थे।
15 क्रू मेंबर्स को बचाया, 11 लापता
तूफान में घिरता देख इस जहाज की तरफ से संकट के संकेत भेजे गए थे। यह हादसा उस समय हुआ, जब जहाज फिलीपींस के उत्तरी तट से करीब 280 किलोमीटर पूर्व में था। जापान तटरक्षक को जहाज के सिग्नल मिले थे। उस क्षेत्र से गुजर रहे तीन अन्य जहाजों ने 15 क्रू मेंबर्स को बचा लिया, लेकिन 11 अब भी लापता हैं।
तूफान के चलते प्रभावित हुआ बचावकार्य
जापान तटरक्षक बल के प्रवक्ता ने बताया कि जहाज समुद्र में डूब चुका है। हमने दो गश्ती नाव और तीन प्लेन उन्हें बचाने के लिए लगाए हैं। उन्होंने बताया कि तूफान की वजह से राहत कार्य में काफी दिक्कत हो रही है।
Created On :   13 Oct 2017 6:10 PM IST