अकीहितो के बाद नारुहितो होंगे जापान के अगले सम्राट

डिजिटल डेस्क,टोक्यो। जापान के सिंहासन पर वर्तमान में विराजमान अकीहितो के त्यागपत्र देने के बाद 57 वर्षीय राजकुमार नारूहितो अगले सम्राट होंगे। लगभग तीन दशकों से जापान के सिंहासन पर बैठे सम्राट अकीहितो 30 अप्रैल, 2019 को अपने पद से त्यागपत्र दे देंगे। पिछली दो शताब्दियों में यह पहली बार होगा जब कोई जापानी सम्राट अपने पद से त्यागपत्र देगा। अपने कार्यकाल के दौरान अकीहितो ने द्वितीय विश्व युद्ध के घावों पर मरहम लगाने का प्रयास किया है।
प्रधानमंत्री शिंजो आबे की अध्यक्षता वाली 10 सदस्यीय इंपीरियल हाउसहोल्ड काउंसिल की शुक्रवार को हुई एक बैठक में इस पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। काउंसिल में सांसदों और राज परिवार के सदस्यों के अलावा सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश भी शामिल हैं।
जापान के राजपरिवार को दुनिया की सबसे पुरानी आनुवंशिक राजशाही माना जाता है। जापानी मान्यताओं के अनुसार, वे पिछले करीब 2,600 सालों से निरंतर चले आ रहे शाही परिवार के शासन को मानते हैं।
सम्राट अकीहितो ने 1989 से जापाने के राष्ट्र प्रमुख हैं। उनके पिता के समय हुए युद्ध के बाद से देश के भीतर और विदेशों से संबंध सुधारने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है। घरेलू मोर्चे पर युद्धग्रस्त ओकिनावा, सायपान, पलाऊ इलाके और विदेशी मोर्चे पर फिलिपींस के साथ लड़ाई में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए की गईं उनकी प्रार्थना सभाओं से कई लोगों के घाव भरने में मदद मिली थी।
80 वर्ष की उम्र पार कर चुके सम्राट अकीहितो के त्यागपत्र देने के बाद 57 वर्षीय राजकुमार नारूहितो जापान के अगले सम्राट होंगे।
Created On :   1 Dec 2017 3:52 PM IST