करोड़ों भारतीयों का दिल तोड़ने वाले पकिस्तान खिलाड़ी को भारत से चाहिए नया दिल

former pakistani hockey player seeks for help from india
करोड़ों भारतीयों का दिल तोड़ने वाले पकिस्तान खिलाड़ी को भारत से चाहिए नया दिल
करोड़ों भारतीयों का दिल तोड़ने वाले पकिस्तान खिलाड़ी को भारत से चाहिए नया दिल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 90 के दशक में चमके पाकिस्तानी हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और गोलकीपर मंसूर अहमद इन दिनों मुसीबत में हैं और भारत की तरफ काफी उम्मीद से देख रहे हैं। 1989 के इंदिरा गांधी कप समेत अन्य कई मुकाबलों में भारत को हराकर कई भारतीयों का दिल तोड़ने वाला यह खिलाड़ी ने भारत से नया दिल पाने की उम्मीद लगाए बैठा है। दरअसल पाकिस्तान के इस खिलाड़ी का हृदय-प्रत्यारोपण होना है। जिसके लिए मंसूर ने भारत सरकार और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मदद की गुहार लगाई है। बता दें मंसूर के पास पेसमेकर और स्टेंट से जुड़ी समस्या बढ़ने के कारण हृदय प्रत्यारोपण के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। 

भारत से की है मेडिकल वीजा की मांग 
मंसूर अहमद की आज से चार-पांच वर्ष पूर्व दिल की सर्जरी हुई थी, लेकिन उसके बावजूद भी उनकी समस्या जस की तस बनी रही। लेकिन पिछले महीने उनकी हालत खराब होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें हार्ट ट्रांसप्लांट की सलाह दी है। कराची के जिन्ना पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल सेंटर में डॉक्टर चौधरी परवेज से इलाज करा रहे मंसूर के केस को उनके डॉक्टर ने अमेरिका के कैलिफॉर्निया और भारतीय अस्पतालों को रेफर किया है। जिसके बाद उन्होंने भारत में किफायती और बेहतर इलाज कराने के लिए भारत के विदेश मंत्रालय से मदद के रूप में भारतीय वीजा की मांग की है। गौरतलब है कि पाकिस्तानी नागरिकों को मेडिकल वीजा देने में भारत ने हमेशा से बड़ा दिल दिखाया है। जिसके कारण उनकी उम्मीदें और बढ़ गई हैं। 

नहीं चाहिए आर्थिक मदद 
1994 में सिडनी में खेले गए हॉकी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की जीत के नायक के रूप में उभरे मंसूर ने सोमवार को भावुक अपील करते हुए कहा कि, "मैंने 1989 के इंदिरा गांधी कप समेत अन्य कई मुकाबलों में भारत को हराकर कई भारतवासियों का दिल तोड़ा था, लेकिन यह खेल का मैदान था। अब मुझे भारत में अपना हार्ट ट्रांसप्लांट कराने के लिए मदद की आवश्यकता है।" मंसूर ने कहा है, उन्हें भारत की तरफ से आर्थिक मदद नहीं चाहिए, भारत से मदद के नाम पर बस उन्हें भारतीय वीजा की दरकार है। बता दें कि पकिस्तान के पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ ने उनके इलाज के लिए एक लाख अमेरिकी डॉलर की रकम मंजूर की है और बाकी का खर्चा शाहिद अफरीदी फाउंडेशन की तरफ से उठाया जा रहा है। 

Created On :   24 April 2018 4:21 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story