सऊदी से अब नहीं आ पाएगा सस्ता सामान, टैक्स सिस्टम के बाद चीजें हुई महंगी

डिजिटल डेस्क, दुबई। सऊदी अरब और UAE जाने वाले भारतीय अब वहां से सस्ता सामान नहीं ला पाएंगे। दरअसल, इन दोनों देशों में 1 जनवरी से टैक्स सिस्टम लागू हो गया है। अधिकतर वस्तुओं और सेवाओं पर 5% VAT लगाया गया है। टैक्स लगने से अब यहां चीजें महंगी हो गई है। अब तक ये देश टैक्स फ्री देशों के रूप में पहचाने जाते थे। इन देशों में वस्तुओं और सेवाओं पर टैक्स नहीं लगता था।
यहां VAT खाना, कपड़ों, इलेक्ट्रॉनिक्स और गैसोलिन के अलावा फोन, पानी, होटल और बिजली बिलों पर लागू किया गया है। हालांकि कईं चीजों को वैट के दायरे से बाहर भी रखा गया है। इनमें रियल एस्टेट, मेडिकल सर्विस, हवाई यात्रा और शिक्षा शामिल हैं।
बता दें कि साल 2015 में खाड़ी देशों ने बढ़ते राजस्व घाटे के असर को कम करने के लिए टैक्स सिस्टम लागू करने पर विचार किया था। तीन साल पहले कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट के बाद खाड़ी देशों का रेवन्यू काफी कम हो गया था जिसकी पूर्ति करने के लिए गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल के सभी सदस्य देशों ने टैक्स फ्री तमगा हटाते हुए उत्पाद और सेवाओं पर टैक्स लगाने पर सहमति जताई थी। गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल के सदस्य देशों में सऊदी अरब, यूएई, कुवैत, बहरीन, ओमान और कतर शामिल हैं।
सऊदी और UAE में टैक्स सिस्टम लागू होने के बाद अब कुवैत, बहरीन, ओमान और कतर भी अगले साल तक अपने यहां टैक्स सिस्टम लागू कर सकते हैं। गौरतलब है कि सऊदी अरब और यूनाइटेड अरब अमीरात समेत सभी तेल समृद्ध खाड़ी देश दुनियाभर में टैक्स फ्री कमाई के लिए मशहूर हैं। यहां न तो किसी शख्स पर इनकम टैक्स थोपा जाता है और न ही किसी उत्पाद या सेवा का लाभ लेने पर किसी तरह का टैक्स देना पड़ता है। हालांकि नया टैक्स सिस्टम लागू होने के बाद भी इन देशों में टैक्स रेट यूरोपीय देशों के औसत वैट रेट की तुलना में 20 प्रतिशत कम रखा गया है।
Created On :   2 Jan 2018 6:02 PM IST