आंतकी हाफिज सईद पर सख्ती, पाक सरकार ने पसंदीदा स्थान पर नहीं पढ़ने दी नमाज

आंतकी हाफिज सईद पर सख्ती, पाक सरकार ने पसंदीदा स्थान पर नहीं पढ़ने दी नमाज
हाईलाइट
  • जमात-उद-दावा के चीफ सईद का पसंदीदा स्थान है गद्दाफी स्टेडियम 
  • हाफिज सईद गद्दाफी स्टेडियम में ईद की नमाज का नेतृत्व करना चाहता था

डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। ईद के मौके पर भी पाकिस्तान सरकार ने आतंकी संगठन जमात-उद-दावा के चीफ और मुंबई हमलों के सरगना हाफिज सईद पर सख्ती दिखाई। बुधवार को ईद का त्योहार मनाया गया, लेकिन हाफिज सईद अपनी पसंदीदा जगह पर नमाज नहीं पढ़ सका। कई सालों में पहली बार सरकार ने लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में सईद को ईद की नमाज का नेतृत्व नहीं करने दिया। यह उसका पसंदीदा स्थान है।

हाफिज सईद को कई सालों में पहली बार गद्दाफी स्टेडियम में ईद की नमाज पढ़ने से रोका गया। सईद हमेशा इसी स्टेडियम में ईद की नमाज पढ़ता रहा है। सरकार उसे सुरक्षा भी प्रदान करती थी। इस बार सईद ने अपने जौहर कस्बा स्थित आवास के पास एक स्थानीय मस्जिद में नमाज अदा की।

जानकारी के मुताबिक सईद गद्दाफी स्टेडियम में नमाज का नेतृत्व करना चाहता था, लेकिन उसे एक दिन पहले यानी मंगलवार को पंजाब सरकार के एक अधिकारी ने ऐसा नहीं करने को कहा था। यदि वह ईद की नमाज का नेतृत्व करने के लिए मस्जिद पहुंचता तो सरकार उसे गिरफ्तार कर सकती थी। इसलिए सईद के पास सरकार का निर्देश मानने के अलावा कोई और विकल्प नहीं था। 

हाफिज सईद यहां नमाज पढ़ने के अलावा भारी संख्या में मौजूद लोगों के सामने अपने विचार रखता था और भारत के खिलाफ भड़काऊ बयान भी देता था। बता दें कि हाफिज सईद के संगठन जमात-उद-दावा को संयुक्त राष्ट्र संघ आतंकी समूह घोषित कर रखा है। सईद को मुंबई हमले के बाद 10 दिसंबर को सयुंक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने प्रतिबंधित कर दिया था। इसे हमले में 166 लोगों की मौत हुई थी।


 

Created On :   6 Jun 2019 5:03 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story