हाफिज सईद बोला- बांग्लादेश का बदला कश्मीर छीनकर लेंगे

डिजिटल डेस्क, लाहौर। मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड और आतंकी संगठन जमात-उद-दावा के सरगना हाफिज सईद ने फिर भारत के खिलाफ जहर उगला है। जमात-उद-दावा के मुखिया और मुंबई हमले के मास्टरमाइंड आतंकी हाफिज सईद ने शनिवार (16 दिसंबर) को लाहौर में कहा, "पूर्वी पाकिस्तान (बांग्लादेश) का बदला लेना है तो कश्मीर से इंतकाम का रास्ता बन रहा है, निकल रहा है, चल रहा है और इंशा अल्लाह यह तहरीक जारी है, इसे बहुत आगे जाना है।" बता दें कि 1971 में भारत-पाक की जंग के बाद पूर्वी पाकिस्तान आजाद हुआ था और बांग्लादेश के तौर पर एक नए देश का उदय हुआ था। उस जंग में पाकिस्तान की भारत के हाथों न सिर्फ करारी हार हुई थी बल्कि उसके 2 टुकड़े भी हुए थे।
जमात-उद-दावा (जेयूडी) के प्रमुख सईद पर अमेरिका ने एक करोड़ डॉलर इनाम रखा है। लाहौर उच्च न्यायालय के एक आदेश पर 10 महीने की नजरबंदी बाद हाफिज को गुरुवार आधी रात (24 नवंबर) रिहा कर दिया गया था। उसकी रिहाई पर भारत के साथ-साथ अमेरिका ने भी नाराजगी जाहिर की थी। हाफिज ने रिहा होते ही भारत के खिलाफ जहर उगला था और कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को जारी रखने की धमकी दी थी। उसने कहा था कि वह कश्मीर की लड़ाई के लिए पूरे पाकिस्तान से लोगों को इकट्ठा करेगा और कश्मीरियों को आजादी दिलाने में मदद करेगा। अमेरिका और भारत का आरोप है कि सईद 2008 के मुंबई आतंकी हमले का मास्टरमाइंड था, और उसे इसी साल जनवरी में नजरबंद किया गया था। मुंबई हमले में 166 लोगों की मौत हो गयी थी। मुंबई में 2008 में आतंकी हमले का साजिशकर्ता सईद का नाम संयुक्त राष्ट्र ने दिसंबर 2008 में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद प्रस्ताव 1267 के तहत आतंकी काली सूची में रखा था।
अमेरिका ने हाफ़िज़ की रिहाई पर चिंता व्यक्त करते हुए बीते 24 नवंबर को कहा था कि लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के संस्थापक हाफिज सईद की नजरबंदी से रिहाई को लेकर वह चिंतित है और उसने पाकिस्तान से कहा कि सईद की आतंकी गतिविधियों के लिए उसे गिरफ्तार किया जाए। अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता हीथर नौर्ट ने एक बयान देते हुए कहा था , "पाकिस्तान में हाफिज सईद की नजरबंदी से रिहाई को लेकर अमेरिका बहुत चिंतित है। पाकिस्तान सरकार उसके अपराधों के लिए उसे गिरफ्तार करे और आरोपित करे।"
बता दें कि हाफिज ने राजनीति में भी उतरने की बात कही है। भारत बार-बार पाकिस्तान से जमात-उद-दावा सरगना के खिलाफ कार्रवाई की मांग करता रहा है। भारत ने मुंबई हमलों में उसकी भूमिका को लेकर पुख्ता सबूत भी पाकिस्तान को दिए हैं लेकिन पड़ोसी देश हमेशा उस पर कार्रवाई से कतराता रहा है।
Created On :   16 Dec 2017 10:07 PM IST