हार्वे तूफान : रेस्क्यू किए गए दो भारतीय छात्रों की हालत गंभीर

डिजिटल डेस्क, टेक्सास। अमेरिका के टेक्सास में हार्वे तूफान ने तबाही मचा दी है। तूफान से करीब 5 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी बीच ब्रायन झील में डूबे दो भारतीय छात्रों का रेस्क्यू किया गया है। दोनों छात्रों की हालत गंभीर है। छात्र Texas AM University के छात्र हैं। दोनों छात्र स्वीमिंग के लिए झील में गए थे।
छात्रों की पहचान शालिनी और निखिल भाटिया के रूप में हुई है। दोनों को CHI St. Joseph Hospital में भर्ती किया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों छात्र ऐसे खराब मौसम में झील में स्वीमिंग के लिए क्यों गए थे।
टेक्सास में आए इस तूफान में कई भारतीय छात्र फंसे हुए हैं। ह्ययूस्टन स्थित भारतीय महा वाणिज्यिक दूतावास ने भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को जानकारी दी है कि यूनिवर्सिटी ऑफ ह्ययूस्टन में 200 भारतीय छात्र फंसे हुए हैं। इसमें से कई भारतीय छात्रों की तबियत भी बिगड़ गई है, जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर बताया कि भारतीय महावाणिज्यिक दूत अनुपम राय राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। विदेश मंत्री खुद इस पर निगरानी रख रही हैं। विदेश मंत्री ने कहा कि भारतीय स्टूडेंट शालिनी और निखिल भाटिया आईसीयू में भर्ती हैं। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि इनके रिश्तेदार जल्द से जल्द इनके पास पहुंच जाएं।
Created On :   29 Aug 2017 5:54 PM IST