Afghanistan: आर्मी बेस कैंप पर आत्मघाती हमला, दो सैनिकों समेत 6 की मौत

डिजिटल डेस्क, काबुल। अफगानिस्तान के साउदन हेलमंद प्रोविंस में शनिवार को आर्मी बेस कैंप को निशाना बनाया गया। एक मिनी वैन में सवार सुसाइड बॉम्बर के इस हमले में दो सैनिकों सहित 6 लोगों की मौत हो गई। अब तक किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि माना जा रहा है कि ये आत्मघाती हमलावर तालीबान का समर्थक है। दक्षिण में सैन्य कोर कमांडर के प्रवक्ता मेजर अब्दुल कादिर बाहदोरजई ने हमले की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मृतकों की संख्या में बदलाव हो सकता है।
63 लोगों की हो गई थी मौत
इससे पहले रविवार को अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में रविवार को आत्मघाती हमला हुआ था। इस हमले में 63 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं सैकड़ों लोग घायल हो गए थे। आत्मघाती हमलावर ने आईडी डिस्ट्रीब्यूशन ऑफिस के दरवाजे पर खुद को बॉम्ब से उड़ा लिया था। हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट (ISIS) ने ली थी। ऑनलाइन न्यूज पोर्टल अमाक पर ISIS ने इसकी जानकारी दी थी। धमाके के बाद से यहां 20 अक्टूबर को होने वाले चुनावों की सुरक्षा की चिंता बढ़ गई थी।
हेरात प्रांत में बम ब्लास्ट
वहीं 10 अप्रैल को अफगानिस्तान के हेरात प्रांत में बम ब्लास्ट किया गया था। इस धमाके में 6 लोगों की मौत हो गई थी। मरने वालों में चार बच्चे भी शामिल थे। वहीं मार्च में राजधानी काबुल में एक शिया मस्जिद के पास आईएस के एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को विस्फोटक से उड़ा लिया था। इस विस्फोट में 29 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 52 लोग घायल हो गए थे। ये सभी लोग पारसी नए साल का जश्न मनाने के लिए इकट्ठा हुए थे।
28 दिसंबर को भी हुआ आत्मघाती हमला
28 दिसंबर 2017 को भी एक आत्मघाती हमला हुआ था। जिसमें 40 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। ये हमला शियाओं के सांस्कृतिक केंद्र तेबयान पर हुआ था। जिस वक्त ये हमला हुआ उस वक्त यहां पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। हमला जिस जगह हुआ था, वहां कुछ छात्र मीडिया ग्रुप के सदस्यों के साथ एक चर्चा में हिस्सा ले रहे थे। हमले में घायल हुए एक शख्स ने बताया था कि तेबयन सेंटर में मीटिंग के लिए एक्टिविस्ट जमा हुए थे। तभी सुसाइड बॉम्बर ने यहां पर धमका कर दिया।
Created On :   28 April 2018 10:23 PM IST