चीन की सीमा में घुसा भारतीय ड्रोन, भारत ने दिया यह जवाब

Indian drone enter in Chinese border, Defense Ministry reply
चीन की सीमा में घुसा भारतीय ड्रोन, भारत ने दिया यह जवाब
चीन की सीमा में घुसा भारतीय ड्रोन, भारत ने दिया यह जवाब

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चीन ने भारत पर देश की संप्रभुता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। चीन का यह आरोप भारतीय ड्रोन के चीनी सीमा में घुसने के बाद आया है। चीन ने गुरुवार सुबह कहा कि एक भारतीय ड्रोन उनकी सीमा में आकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि भारतीय रक्षा मंत्रालय ने इस पूरी घटना की वजह ड्रोन में आई तकनीकी खामी बताई है। चीन द्वारा भारतीय ड्रोन के चीनी हवाई क्षेत्र में घुसने की शिकायत के बाद भारतीय रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है, "सिक्किम सेक्टर में एक भारतीय ड्रोन रेगुलर ट्रेनिंग मिशन पर था। इसका अचानक संपर्क टूट गया और तकनीकी खराबी की वजह से यह चीनी सीमा में घुस गया।"

चीन का आरोप
गुरुवार सुबह चीन की सरकारी न्‍यूज एजेंसी शि‍न्‍हुआ ने भारतीय ड्रोन के चीनी क्षेत्र में घुसने की जानकारी दी। है। एजेंसी ने सेना के पश्‍चि‍मी कमान के कांबेट ब्‍यूरो के उपप्रमुख झांग शुइली के हवाले से बताया कि एक भारतीय‍ मानवरहि‍त ड्रोन चीनी हवाई क्षेत्र में घुसकर दुर्घटनाग्रस्‍त हो गया। झांग ने इस घटना को चीनी संप्रभुता का उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा, "चीन इससे बेहद असंतुष्‍ट है और इसका वि‍रोध करता है।"

भारत का जवाब
चीन के आरोपों पर रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी बयान में बताया गया है कि ड्रोन के संपर्क टूटने के तुरंत बाद भारतीय जवानों ने चीनी सीमा में मौजूद अपने समकक्षों को अलर्ट कर दिया था ताकि यूएवी का पता लगाया जा सके। बयान में बताया गया कि भारत द्वारा दी गई सूचना पर चीन की ओर से  लोकेशन की जानकारी दी गई। पूरे प्रोटोकॉल के तहत इस मामले की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि तीन महीने पहले ही भारत और चीन के बीच डोकलाम विवाद खत्म हुआ है। 73 दि‍नों तक चला यह विवाद 28 अगस्‍त को खत्‍म हुआ था। विवाद की शुरुआत चीनी सेना द्वारा विवादित डोकलाम क्षेत्र में सड़क निर्माण करने के चलते हुआ था, जिसे भारतीय सेना ने रोक दिया था।

Created On :   7 Dec 2017 5:16 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story