चीन के OBOR प्रोजेक्ट को टक्कर देने के लिए साथ आएंगे भारत-जापान

Japan plans to counter Chinas OBOR project with help of India
चीन के OBOR प्रोजेक्ट को टक्कर देने के लिए साथ आएंगे भारत-जापान
चीन के OBOR प्रोजेक्ट को टक्कर देने के लिए साथ आएंगे भारत-जापान

डिजिटल डेस्क, टोक्यो। चीन के 60 देशों को जोड़ने वाले प्रोजेक्ट वन बेल्ट वन रोड (OBOR) के जवाब में जापान अपने साथी देशों के समक्ष एक रणनीतिक प्रस्ताव रखने जा रहा है। जापान इंडिया, अमेरिका और आस्ट्रेलिया के साथ मिलकर चीन के दबदबे को चुनौती देने पर विचार कर रहा है। इसके तहत चीन के OBOR के जवाब में जापान अपने इन तीन साथी देशों के साथ जमीन और समुद्र के रास्ते से होने वाले व्यापार और सुरक्षा मामलों में सहयोग बढ़ाने के लिए प्रस्ताव ला रहा है। यह बात जापान के विदेश मंत्री तारो कोनो ने एक न्यूज पेपर से बातचीत में कही है।

 

तारो कोनो ने इस मामले पर कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले महीने जापान के दौरे पर आएंगे। इस दौरान जापानी पीएम शिंजो आबे यह प्रस्ताव रखेंगे। उन्होंने कहा, "जापान की इच्छा एशिया से अफ्रीका तक उच्च स्तरीय आधारभूत ढांचा तैयार करने की है। इसके लिए वह अपने साथी देशों के साथ मिलकर जमीन और समुद्री रास्तों से व्यापार मार्गों को बेहतर बनाएगा। उन्होंने बताया कि दक्षिणपूर्व, दक्षिण और मध्य एशिया के अलावा मध्य पूर्व और अफ्रीका तक इसे फैलाया जाएगा।

 

तारो कोनो ने कहा, "जापान को कूटनीतिक रिश्तों के सहारे एक बड़ी रणनीतिक तस्वीर तैयार करनी होगी। आज के समय में यह बेहद जरूरी है।" उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट का मकसद समुद्र को फ्री और ओपन बनाए रखना है, साथ ही इससे अर्थव्यवस्था और सुरक्षा के मुद्दों पर भी अच्छे परिणाम देखने को मिलेंगे।


बता दें कि चीन ने जमीन और समुद्री रास्तों से व्यापार मार्गों को बेहतर बनाने के लिए OBOR प्रोजेक्ट शुरू किया है। इस प्रोजेक्ट में कई हाईस्पीड रेल नेटवर्क होंगे, जिसका विस्तार यूरोप तक होगा। दुनिया के 60 देशों को अपने करीब लाने और दुनिया की दो तिहाई आबादी को अपनी अर्थव्यवस्था से सीधे जोड़ने के लिए चीन ने यह प्रोजेक्ट शुरू किया है।

Created On :   26 Oct 2017 3:07 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story