20 साल के दमदार सफर के बाद उल्का पिंड की तरह जल उठा NASA का कैसिनी स्पेसक्राफ्ट

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA का कैसिनी स्पेसक्राफ्ट अंतरिक्ष में शुक्रवार को नष्ट हो गया। कैसिनी का 20 साल का शानदार सफर शनि की कक्षा में खत्म हुआ। कैसिनी ने आज सुबह स्पेसक्राफ्ट से अचानक सिग्नल देना बंद कर दिया। नासा की ओर से बताया गया कि 1,22,000 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से आगे बढ़ रहा कैसिनी अचानक उल्कापिंड की तरह जलकर नष्ट हो गया।
कैसिनी को 1997 में फ्लोरिडा के केप केनरवेल एयरबेस से लॉन्च किया गया था। 2004 में यह सौरमंडल के दूसरे सबसे बड़े ग्रह शनि की कक्षा में पहुंचा। कैसिनी ने शनि ग्रह की कक्षा में बिताए अपने 13 सालों में शनि के वलयों पर, शनि पर मौसम बदलने और शनि ग्रह पर भयानक तूफ़ान आने से जुड़ी विस्तृत जानकारियां दी हैं।
कैसिनी अभियान के खत्म होने का औपचारिक ऐलान प्रोग्राम मैनेजर अर्ल मेज ने किया। इस मौके पर कैसिनी पर नजर रखने वाली टीम पर्पल रंग की शर्ट पहनी हुई थी और उन्होंने एक दूसरे को गले लगाया और हाथ मिलाया।
Created On :   15 Sept 2017 10:53 PM IST