सीजफायर उल्लंघन को लेकर भारत-पाक के बीच आरोप-प्रत्यारोप

डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने LOC पर सीजफायर उल्लंघन को लेकर भारत के उप उच्चायुक्त को आज तलब किया। पाकिस्तान का कहना है कि भारतीय सैनिक सीमा पर अकारण गोलीबारी कर रहे हैं। भारतीय उप उच्चायुक्त ने पाकिस्तान के इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया। इधर भारतीय उच्चायोग ने बयान जारी कर कहा है कि पुंछ और कृष्णाघाटी सेक्टरों में पाकिस्तानी सैनिकों ने सीजफायर उल्लंघन किया। भारतीय बलों ने सिर्फ माकूल जवाब दिया।
भारतीय उप उच्चायुक्त ने पाकिस्तान से यह कहा कि सीजफायर का 223 से अधिक बार उल्लंघन हुआ है और इस साल घुसपैठ की करीब 50 कोशिशें हुई हैं। पाकिस्तान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नफीस जकारिया ने एक बयान जारी कर कहा कि चीरीकोट और सतवाल सेक्टरों में भारतीय बलों की कथित गोलीबारी को लेकर उप उच्चायुक्त जेपी सिंह को तलब किया गया। बयान में कहा गया कि महानिदेशक (दक्षेस) मोहम्मद फैजल ने भारतीय उप उच्चायुक्त को तलब किया और भारतीय सैनिकों द्वारा बिना उकसावे के सीजफायर उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए इसकी निंदा की। पाक प्रवक्ता ने कहा कि इस गोलीबारी में दो लोग मारे गए हैं और तीन अन्य घायल हुए हैं।
Created On :   8 July 2017 9:27 PM IST