टैक्स के विरोध में मैक्रों इस्तीफा दो लिखी बनियान पहनकर हिंसक प्रदर्शन, 1700 गिरफ्तार
- 'मैक्रों इस्तीफा दो' लिखी 1.25 लाख पीली बनियान पहनकर किया प्रदर्शन
- टैक्स बढ़ाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे 1700 लोग गिरफ्तार
- फ्रांस में येलो वेस्ट प्रदर्शन
डिजिटल डेस्क, पेरिस। फ्रांस सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर टैक्स बढ़ाने का विरोध थमा नहीं है। शनिवार को 400 से अधिक स्कूली बच्चों की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय पुलिस ने 1700 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। इन प्रदर्शनकारियों ने "मैक्रों इस्तीफा दो" लिखी बनियान पहनकर राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के खिलाफ प्रदर्शन किया। देशभर में "मैक्रों इस्तीफा दो" लिखी 1.25 लाख पीली बनियानें बांटी गईं। पिछली हफ्ते ऐसी 1.36 लाख बनियानें बांटी गई थीं। पेरिस में चल रहे इस हिंसक प्रदर्शन में रविवार को जख्मी हुए 179 लोगों को अफसरों ने अस्पताल में भर्ती कराया। 17 पुलिसकर्मी भी घायल हुए। इससे पहले शनिवार को भी 110 से ज्यादा लोग इस प्रदर्शन में घायल हुए थे।
बता दें कि फ्रांस सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर टैक्स बढ़ा दिया है। जिसकी वजह से फ्यूल कीमतें बढ़ गई हैं। कीमतें बढ़ने के बाद से नाराज लोग सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने कई दुकानों और वाहनों को आग के हवाले कर दिया। एलिसी पैलेस (फ्रांस राष्ट्रपति निवास) के बाहर लगे बैरियर तोड़कर इकट्ठे हुए लोगों ने "मैक्रों इस्तीफा दो" के नारे लगाए। इस दौरान कई जगहों पर पुलिस की प्रदर्शनकारियों से झड़प भी हुई। मार्सेल, बोर्डो, लियोन और टूलो में लगातार चौथे वीकेंड पर लोगों ने बढ़ती कीमतों के चलते प्रदर्शन किया। पेरिस में प्रदर्शन का उग्र रूप सामने आया।
पेरिस में कई दुकानदार प्रदर्शन का शिकार हुए। दुकानों-कैफ में जमकर तोड़फोड़ हुई। शहर की मेयर ऐन हिदाल्गो ने ट्वीट किया- एक बार फिर लोगों ने नुकसान पहुंचाया। इसे कतई अच्छा नहीं कहा जा सकता। पुलिस को लोगों को भगाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। बीते दशक में पेरिस में दंगे के दौरान 200 कारें फूंकी जा चुकी हैं। फ्रांस राजधानी पेरिस में पुलिस ने सख्ती बरती हुई है। यहां लूट की घटनाओं को देखते हुए एफिल टॉवर, बड़े म्यूजियम, मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए। प्रधानमंत्री एदुआर्दो फिलिप ने पुलिस को उसके ऑपरेशन पर बधाई दी। उन्होंने कहा- मसले के हल के लिए बातचीत जारी है। राष्ट्रपति भी इस बारे में बातचीत करेंगे। पेरिस में 8 हजार पुलिस और पहली बार बख्तरबंद गाड़ियां तैनात की गई हैं।
Created On :   10 Dec 2018 9:03 AM IST