65 घंटे से ज्यादा बीतने के बाद भी मुंबई नहीं आ सका श्रीदेवी का पार्थिव शरीर, ये हैं कारण

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रीदेवी का निधन दुबई में शनिवार रात 11 बजे हुआ था लेकिन अभी तक उनका पार्थिव शरीर मुंबई नहीं लाया जा सका है। इसके पीछे बड़ा कारण वे दस्तावेज हैं जो दुबई से भारत शव वापस लाने के लिए जरूरी होते हैं। इनमें मेडिकल रिपोर्ट और डेथ सर्टिफिकेट शामिल हैं, जो कि स्थानीय अस्पताल से जारी किए जाते हैं। इन दस्तावेजों के जारी होने में देरी के कारण ही अब तक श्रीदेवी का शव मुंबई नहीं आ पाया है। हालांकि सोमवार शाम 4 बजे ये दस्तावेज स्थानीय अस्पताल जारी कर दिए गए हैं। अब दुबई पुलिस द्वारा कुछ जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद श्रीदेवी का शव मुंबई के लिए रवाना कर दिया जाएगा।
दस्तावेजों के कारण देरी
- दुबई में एक्सीडेंटल या अननेचुरल डेथ की स्थिति में पुलिस रिपोर्ट की कॉपी जरूरी होती है।
- दुबई में डेथ बॉडी की मेडिकल रिपोर्ट और डेथ सर्टिफिकेट आने तक शव को दूसरे देश भेजने की प्रक्रिया शुरू नहीं की जाती। यह रिपोर्ट और सर्टिफिकेट स्थानीय अस्पताल से जारी किए जाते हैं।
- मृतक के परिजन से कंसेंट लेटर भी आवश्यक होता है जो कि नोटरी से अटेस्टेड हो। पासपोर्ट और वीजा के पन्नों की कॉपी भी इसके साथ जरूरी होती है।
- शव को भारत लाने के लिए स्थानीय इमीग्रेशन और कस्टम से क्लीयरेंस भी जरूरी होता है।
- मृतक को कोई संक्रामक बीमारी न होने का सर्टिफिकेट भी जरूरी होता है।
- इन दस्तावेजों के अलावा शव पर लेपन का क्लीयरेंस भी जरूरी होता है।
इंतजार में फैंस
श्रीदेवी के फैंस मुंबई के वर्सोवा के "भाग्य" बंगले के बाहर पिछले 24 घंटे से जुटे हुए हैं। बॉलिवुड की हस्तियां भी भाग्य बंगले से करीब 5 किलोमीटर दूर अनिल कपूर के बंगले पर जुट रही हैं। मुंबई के पवन हंस श्मशान में बॉलीवुड की इस महानायिका को अंतिम विदाई की तैयारियां साथ-साथ चल रही हैं।
मेडिकल रिपोर्ट
श्रीदेवी की मौत पर सोमवार शाम 4 बजे मेडिकल रिपोर्ट जारी कर दी गई है। इसमें कहा जा रहा है कि श्रीदेवी की मौत बाथ टब में डूबने से हुई है। श्रीदेवी की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि श्रीदेवी का बैलेंस बिगड़ा और वह बाथ टब में गिर गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। रिपोर्ट में श्रीदेवी के ब्लड में शराब के अंश भी पाए गए हैं। संभव है किश्रीदेवी ने शराब पी रखी थी। इसलिए उनका बैलेंस बिगड़ गया और वह खुद को संभाल नहीं पाई।
Created On :   26 Feb 2018 6:08 PM IST