सऊदी और UAE अब नहीं रहे टैक्स फ्री, 2018 से लगेगा 5% VAT
डिजिटल डेस्क, दुबई। टैक्स फ्री देशों के रूप में पहचाने जाने वाले कुछ खाड़ी देश जल्द ही अपने यहां टैक्स सिस्टम लागू करने वाले हैं। सऊदी अरब और यूनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) समेत कुछ तेल समृद्ध खाड़ी देश अगले साल से यह सिस्टम लागू कर रहे हैं। अब तक इन देशों में वस्तुओं और सेवाओं पर कोई टैक्स नहीं लगता है। साल 2018 से इनमें से कुछ वस्तुओं और सेवाओं पर 5% VAT लगाया जाएगा। 1 जनवरी 2018 से ही टैक्स सिस्टम लागू हो जाएगा।
साल 2015 में खाड़ी देशों ने बढ़ते राजस्व घाटे के असर को कम करने के लिए टैक्स सिस्टम लागू करने पर विचार किया था। तीन साल पहले कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट के बाद खाड़ी देशों का रेवन्यू काफी कम हो गया था जिसकी पूर्ति करने के लिए गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल के सभी सदस्य देशों ने टैक्स फ्री तमगा हटाते हुए उत्पाद और सेवाओं पर टैक्स लगाने पर सहमति जताई थी। गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल के सदस्य देशों में सऊदी अरब, यूएई, कुवैत, बहरीन, ओमान और कतर शामिल हैं।
नया टैक्स या वैट खाना, कपड़ों, इलेक्ट्रॉनिक्स और गैसोलिन के अलावा फोन, पानी, होटल और बिजली बिलों पर भी लगेगा। इस तरह के कईं उत्पाद और सेवाओं पर 5 फीसदी टैक्स लगाया जाएगा। हालांकि कईं चीजों को वैट के दायरे से बाहर भी रखा गया है। इनमें रियल एस्टेट, मेडिकल सर्विस, हवाई यात्रा और शिक्षा शामिल हैं। हालांकि यूएई में हायर एजूकेशन पर टैक्स लगेगा।
गौरतलब है कि सऊदी अरब और यूनाइटेड अरब अमीरात समेत तेल समृद्ध खाड़ी देश दुनियाभर में टैक्स फ्री कमाई के लिए मशहूर हैं। यहां न तो किसी शख्स पर इनकम टैक्स थोपा जाता है और न ही किसी उत्पाद या सेवा का लाभ लेने पर किसी तरह का टैक्स देना पड़ता है। नया टैक्स सिस्टम लागू होने के बाद भी इन देशों में टैक्स रेट यूरोपीय देशों के औसत वैट रेट की तुलना में 20 प्रतिशत कम होगा।
Created On :   27 Dec 2017 12:58 PM GMT