स्पेन : जनमत संग्रह के दौरान कैटलन्स और पुलिस में हिंसक झड़पें, 460 घायल

डिजिटल डेस्क, मैड्रिड। स्पेन से अलग देश बनाने के लिए कैटलोनिया में जारी जनमत संग्रह के दौरान उस समय खलबली मच गई, जब स्पेन की पुलिस ने मतदान केंद्रों में पहुंचकर मतपेटियों और मतपत्रों को जब्त करना शुरू कर दिया। स्पेन सरकार के इस रवैये के चलते केटेलोनिया समर्थकों की पुलिस से भिड़ंत भी हुई। इन हिंसक झड़पों में 460 लोग घायल हुए हैं। घटना में 11 पुलिस वाले भी ज़ख़्मी हुए हैं।
कैटालोनिया राज्य स्पेन के उत्तर पूर्व में स्थित है। इसे स्पेन से अलग करने के लिए रविवार सुबह से जनमत संग्रह हो रहा है। सरकार के प्रतिबंध के बावजूद जनमत संग्रह के लिए भारी संख्या में लोग इकट्ठे हुए। स्पेन सरकार शुरू से ही इस जनमत संग्रह के खिलाफ है। पुलिस लोगों को मतदान करने से रोक रही है और लोग मतदान करने को लेकर अड़े हुए हैं।
स्पेन सरकार ने इस जनमत संग्रह को गैर-कानूनी करार देते हुए इस पर प्रतिबंध लगा रखा है। बावजूद इसके विभिन्न मतदान केंद्रों के बाहर लोगों की कतारें लगी हुई थी। सरकार ने जनमत संग्रह की कोशिशों को विफल करने के लिए हजारों पुलिसकर्मियों को देश के विभिन्न हिस्सों में तैनात किया है। कैटलोनिया के अलगाववादी नेताओं ने कहा है कि केंद्र की सरकार कितनी भी कोशिशें कर ले लेकिन जनमत संग्रह होकर रहेगा।
बैलेट पेपर पर सिर्फ़ एक सवाल
क्या आप चाहते हैं कि कैटेलोनिया एक गणतंत्र के रूप में आज़ाद देश बने?
इस सवाल के जवाब में हां और ना के लिए दो मतपेटियां हैं। मतदाता अपना ख़ुद का प्रिंट किया मतदान पत्र भी ला सकते हैं और किसी भी मतदान केंद्र पर वोट डाल सकते हैं। स्कूलों और इमारतों को मतदान केंद्र बनाए गए। जनमत संग्रह आयोजित करने वालों ने अपील की है कि पुलिस कार्रवाई का विरोध अहिंसक तरीके से किया जाए।
कैटेलोनिया से जुड़ी खास बातें
- कैटेलोनिया स्पेन के सबसे संपन्न इलाक़ों में से एक है। इसका एक हज़ार साल पुराना अलग इतिहास रहा है।
- स्पेन में गृह युद्ध से पहले इस इलाक़े को स्वायत्तता मिली हुई थी।
- 1939 से 75 के बीच जनरल फ्रांसिस्को फ्रैंको के नेतृत्व में कैटेलोनिया को जो स्वायत्तता मिली थी, उसे ख़त्म कर दिया गया।
- फ्रैंको की मौत हुई तो कैटेलन राष्ट्रवाद को फिर से हवा मिली और आख़िर में उत्तरी-पूर्वी इलाक़ों को फिर से स्वायत्तता देनी पड़ी। ऐसा 1978 के संविधान के तहत किया गया।
- 2006 के एक अधिनियम के तहत कैटेलोनिया को और ताक़त दी गई।
- स्पेन की संवैधानिक कोर्ट ने 2010 में सारी ताक़त वापस ले ली। इसके बाद से वहां का स्थानीय प्रशासन नाराज़ है।
- कैटेलन्स ने नवंबर 2014 में आज़ादी के लिए एक अनाधिकारिक रूप से मतदान का आयोजन किया था.
- 54 लाख योग्य मतदाताओं में से 20 लाख से ज़्यादा मतदाता इस मतदान में शरीक हुए थे।
- 80 फ़ीसदी लोगों ने स्पेन से आज़ाद होने के पक्ष में मतदान किया था। हालांकि कम मतदाताओं के भाग लेने की वजह से इस जनमत को नकार दिया गया।
Created On :   1 Oct 2017 11:28 PM IST