चीनी मदद से श्रीलंका की सबसे बड़ी जल आपूर्ति परियोजना शुरू

बीजिंग, 22 सितम्बर (आईएएनएस)। चीन पॉवर कंस्ट्रक्शन ग्रुप की मदद से श्रीलंका की सबसे बड़ी जलापूर्ति परियोजना, उत्तरी कैंडी जल आपूर्ति परियोजना 21 सितंबर को कैंडी में शुरू हो गई। श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे और श्रीलंका स्थित चीनी राजदूत छंग श्युएयुआन ने एक साथ इस परियोजना का उद्घाटन किया।
रानिल विक्रमसिंघे ने कहा कि कैंडी जल आपूर्ति परियोजना वर्तमान में श्रीलंका की सबसे बड़ी नगरपालिका जल आपूर्ति परियोजना है। उन्होंने नागरिकों को लाभ पहुंचाने वाली इस परियोजना में चीनी सरकार द्वारा दी गई मदद का आभार जताया और चीन के साथ भविष्य में और मैत्रीपूर्ण सहयोग करने की उम्मीद जताई।
छंग श्युएयुआन ने कहा कि कैंडी जल आपूर्ति परियोजना चीन और श्रीलंका के सहयोग के तहत श्रीलंका में बुनियादी ढांचे के विकास को बढ़ावा देने और कैंडी क्षेत्र में रहने वालों की आजीविका में सुधार लाने की एक महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने दोनों देशों के बिल्डरों से उच्च मानकों व उच्च गुणवत्ता के साथ परियोजना बनाने और लोगों की इच्छाओं को जल्द से जल्द पूरा करने की कामना की।
(साभार-चाइना रेडियो इंटरनेशनल, पेइचिंग)
Created On :   22 Sept 2019 7:00 PM IST