पाकिस्तान की पहली ट्रांसजेंडर एंकर मार्विया मलिक की कहानी

पाकिस्तान की पहली ट्रांसजेंडर एंकर मार्विया मलिक की कहानी

डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। जिसे न तो माता पिता का सहारा मिला और ना ही किसी दोस्त का साथ, उस मार्विया मलिक ने कुछ ऐसा कर दिखाया है जो आज तक पाकिस्तान के इतिहास में कभी नहीं हुआ। पाकिस्तान में पहली बार एक ट्रांसजेंडर महिला न्यूज एंकर के रूप में टीवी स्क्रीन पर नजर आई है। पाकिस्तान के एक प्राइवेट न्यूज चैनल कोहिनूर न्यूज पर पहली बार ट्रांसजेंडर महिला मार्विया मलिक ने बुलेटिन पढ़ा। जिसके बाद से हर कहीं मार्वियां सुर्खियों पर हैं वहीं मार्विया को एंकर बनाने की पहल करने के लिए न्यूज चैनल की भी जमकर तारीफ हो रही है। 

कैसे मिला एंकरिंग का मौका


मार्विया मलिक लाहौर की रहने वाली हैं। मार्विया ग्रेजुएशन कर चुकी हैं और मास्टर्स करने की तैयारी में हैं। इससे पहले मार्विया मॉडलिंग भी कर चुकी हैं। मार्विया ने बताया कि जब उन्हें कोहिनूर चैनल के रिलॉन्च की जानकारी मिली तब वो इंटरव्यू देने गईं। काफी लोगों के बीच मार्विया ने भी इंटरव्यू दिया। इंटरव्यू वाले दिन ही थोड़ी देर इंतजार करने के बाद उन्हें फिर से अंदर बुलाया गया और ट्रेनिंग देने की बात कही। न्यूज चैनल ने तीन महीने की ट्रेनिंग के बाद मार्विया को टीवी स्क्रीन पर उतारा। जिसकी हर जगह सराहना हो रही है। 

आसानी से नहीं मिली सफलता


पाकिस्तान की पहली ट्रांसजेंडर एंकर बनकर 21 साल की मार्विया ने अपना नाम इतिहास के पन्नों में तो दर्ज करा लिया लेकिन मार्विया को इस सफलता के लिए कितनी दिक्कतों का सामना करना पड़ा ये जानकर आप भी हैरान हो जाएंगे। मार्विया मलिक ने बताया कि वो अपने साथी ट्रांसजेंडर की तरह सड़कों पर भीख मांगना, नाचना या तस्करी जैसे काम नहीं करना चाहती थीं बल्कि वो एक पत्रकार या फिर वकील बनकर अपनी एक अलग पहचान बनाना चाहती थीं। मलिक ने कहा उन्होंने सभी प्रकार के दुरुपयोग का सामना किया है। हालांकि ऐसी चीजों ने उन्हें कमजोर करने की बजाय एक मजबूत व्यक्ति बनाया।

दर-दर भटकने के बाद मिली नौकरी 


मार्विया ने एक इंटरव्यू में बताया कि मेरे लिए यहां तक का सफर आसान नहीं था। मैं ट्रांसजेंडर हूं इसका पता चलते ही मेरे माता-पिता ने मुझे छोड़ दिया था। इसके बाद मैंने खुद के दम पर पंजाब यूनिवर्सिटी से अपनी पढ़ाई पूरी की। मुझे पत्रकारिता में काफी इंस्ट्रेस्ट था लेकिन डिग्री होने के बाद नौकरी के लिए भटकना पड़ा। कड़ी मेहनत के बाद अब कुछ करने का मौका मिला है।

अपने समुदाय के लिए कुछ करना चाहती हूं


मार्विया मलिक ने बताया कि मेरे पास मॉडलिंग के लिए कई ऑफर हैं जिन पर मैं विचार कर रही हूं। मैं अपने समुदाय को मजबूत बनाने के लिए कुछ करना चाहती हूं। अक्सर हम जहां भी जाते हैं हमें नीची नजरों से देखा जाता है लेकिन ऐसा दुनिया में कुछ भी ऐसा नहीं है जो हम नहीं कर सकते। हमारे पढ़े लिखे हैं, हमारे पास डिग्री भी है, लेकिन अवसर और प्रोत्साहन की बहुत कमी है। इसी तस्वीर को मैं बदलना चाहती हूं। मैंने फैशन इंडस्ट्री में जैसा इतिहास बनाया है। अब मीडिया इंडस्ट्री में भी ऐसा ही कुछ करना चाहती हूं। ट्रांसजेंडर समुदाय से भी बराबरी का बर्ताव होना चाहिए। हमें थर्ड जेंडर की जगह सामान्य नागरिक का दर्जा मिलना चाहिए।

ट्रांसजेंडरों के पास आय के सोर्स कम हैं


इनकम के सोर्स कम होने के कारण ट्रांसजेंडर को डांस करने और भीख मांगने के लिए मजबूर होना पड़ता है। ट्रांसजेंडर को उनके परिवार से त्याग दिया जाता है। कई ट्रांसजेंडर साथियों के पास मास्टर्स की डिग्री है लेकिन उनके पास कोई नौकरी नहीं हैं। जिसकी वजह से सड़कों पर भीख मांगते हैं। कुछ तो सेक्स वर्कर बन जाते हैं।

ट्रांसजेंडरों के लिए बिल पास कर चुका है पाकिस्तान


हालांकि थर्ड जेंडरों के साथ होने वाली शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना को रोकने के लिए बिल भी पास किया जा चुका है। पाकिस्तान में इसी महीने संसद में बिल पास किया गया है।  


 

Created On :   28 March 2018 1:11 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story