रियाद से मुंबई आ रहा विमान रनवे पर फिसला,पायलट ने बचाई 142 जान

- उड़ान भरने के दौरान हुआ हादसा।
- रियाद से मुंबई जा रहे विमान का पहिया फिसला।
- सभी यात्री सुरक्षित।
डिजिटल डेस्क, रियाद। रियाद से मुंबई आ रहे जेट एयरवेज के फ्लाइट का पहिया शुक्रवार को रियाद एयरपोर्ट के रन-वे पर उड़ान भरते समय फिसल गया। गनीमत यह रही की पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों के साथ क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। जेट एयरवेज ने डीजीसीए को सौंपी रिपोर्ट में कहा कि पायलट को रन-वे पर कुछ अजीब चीज नज़र आई थी। इसके बाद उसने तेजी से ब्रेक लगाए ताकि विमान को रन-वे खत्म होने से पहले ही रोका जा सके। पायलट ने ध्यान न दिया होता तो तेज रफ्तार विमान रन-वे पर मौजूद उस चीज से टकरा सकता था और टेक ऑफ के दौरान बड़ा हादसा भी हो सकता था।
यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
जेट एयरवेज के अधिकारियों ने शुक्रवार सुबह बयान जारी कर कहा कि “रियाद से मुंबई जाने वाली फ्लाइट 9डब्लू 523 से सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित निकालकर टर्मिनल बिल्डिंग ले जाया गया, जहां हमारी टीम ने उनकी मदद की। सभी को खाना और जरूरी चीजें मुहैया कराई गईं।
मुंबई एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा
मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार रात यात्रियों ने जमकर हंगामा कर दिया। दरअसल दुबई जाने वाले एअर इंडिया के विमान में तकनीकी खराबी आ गई थी। फ्लाइट लेट होने के कारण करीब 150 यात्रियों को भारी परेशानीयों का सामना करना पड़ा। वहीं कुछ यात्रियों की एअर इंडिया के स्टाफ के साथ बहस भी हो गई। एअर इंडिया के एआई-983 विमान को गुरुवार रात आठ बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन यह शुक्रवार सुबह तक रवाना नहीं हो पाया। यात्रियों का यह भी कहना है कि एअर इंडिया के स्टाफ ने हमें घटिया खाना दिया और कुछ यात्रियों से पैसे वापस लेकर घर जाने को भी बोला गया।
Created On :   3 Aug 2018 1:32 PM IST