एक ऐसा युद्ध होगा, जिसका परिणाम पहले से तय है: चीनी अखबार

There will be such a war, the result is already decided: Chinese newspaper
एक ऐसा युद्ध होगा, जिसका परिणाम पहले से तय है: चीनी अखबार
एक ऐसा युद्ध होगा, जिसका परिणाम पहले से तय है: चीनी अखबार

डिजिटल डेस्क, बीजिंग। चीन के एक दैनिक समाचार पत्र ने सिक्किम सेक्टर में भारत-चीन के बीच गहराते विवाद पर पीएम मोदी पर हमला बोला है। समाचार पत्र में लिखा गया है कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने सख्त रूख के कारण भारत को युद्ध की ओर धकेल रहे हैं। साथ ही अखबार में यह भी लिखा गया है कि भारत ने ऐसे देश को चुनौती दी है, जो उससे कहीं ज्यादा ताकतवर है। यह एक ऐसा युद्ध होगा, जिसका परिणाम पहले से तय है।

चीन की सरकारी स्वामित्व वाली "ग्लोबल टाइम्स" में यह संपादकीय प्रकाशित हुआ है। संपादकीय में लिखा गया है,"भारतीय पीएम अपने देशवासियों का भविष्य दांव पर लगा रहे हैं। मोदी को चीन की सेना की "अपार शक्ति" से वाकिफ होना चाहिए, जो डोकलाम में भारतीय सैनिकों को "तबाह" करने में पूरी तरह सक्षम है।"

पिछले कुछ दिनों से चीनी मीडिया में इस तरह के कई लेख प्रकाशित हुए हैं। किसी में सिक्किम सेक्टर में चीनी सेना को युद्ध की तैयारी करते हुए बताया गया है तो किसी में भारतीय फौज को सबक सिखाने की बात कही गई है। ताजा लेख में पीएम मोदी को निशाना बनाया गया है। लेख में आगे लिखा गया है कि भारत की मोदी सरकार अंतरराष्ट्रीय नियमों को तोड़ रही है और भारत की गरिमा और शांतिपूर्ण विकास को खतरे में डाल रही है।

गौरतलब है कि शुक्रवार को ही सिक्किम सेक्टर में चल रहे सैन्य गतिरोध पर चीन ने भारत को धमकी दी थी। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा था कि अब तक उसने इस मामले का हल निकालने के लिए पड़ोसी देश के सम्मान को ठेस ना पहुंचाने वाले कदम उठाए हैं लेकिन अब उनका यह संयम जवाब दे रहा है। प्रवक्ता ने कहा था, "किसी भी देश को चीनी सेना की क्षमता पर संदेह नहीं करना चाहिए। चीन की सेना राष्ट्रीय संप्रभुता की रक्षा करने में समर्थ है।" 
 

Created On :   5 Aug 2017 10:41 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story