अमेरिका के रूस संकट में घिरने के बीच ट्रंप पेरिस रवाना

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। रिपब्लिकन नेता को रूस से मदद मिलने के आरोपों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फ्रांस रवाना हो गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रूसी हस्तक्षेप को लेकर देश में एक बार फिर इस सप्ताह नए सिरे से बवाल मचा हुआ है।
विशेष विमान ‘एयरफोर्स वन’ से ट्रंप करीब पौने आठ बजे पेरिस रवाना हुए। इस दौरान ट्रंप के फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बातचीत करने और देश के राष्ट्रीय अवकाश महोत्सवों में मुख्य अतिथि के तौर पर हिस्सा लेने की संभावना है।
अमेरिका में कुछ दिन पहले कई ईमेल जारी हुए थे, जिनके अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति के पुत्र ने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान हिलेरी क्लिंटन पर कीचड़ उछालने की रूसी पेशकश स्वीकारी थी।
इन ईमेल के जारी होने के कुछ ही दिन बाद ट्रंप की ये यात्रा हो रही है। साल 2016 में हुए अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप के प्रचार अभियान में रूसी साठ-गांठ थी या नहीं, इस बात को लेकर चल रही जांच में ये नई बात सामने आई है।
पेरिस रवाना होने से पहले ट्रम्प ने ट्वीट किया, ‘राष्ट्रपति मैक्रों के आमंत्रण पर फ्रांस में बास्ताइल दिवस के सम्मान और प्रथम विश्व युद्ध में अमेरिका के शामिल होने के 100 वर्ष पूरे होने की याद में मनाए जा रहे समारोहों में हिस्सा लेने के लिये फ्रांस रवाना होने की तैयारी में हूं।’ ट्रंप आज पेरिस पहुंचने वाले हैं, जहां दोनों देशों के नेताओं के बीच इराक एवं सीरिया में इस्लामिक स्टेट समूह के खिलाफ संयुक्त प्रयासों पर बातचीत होने की उम्मीद है।
Created On :   13 July 2017 4:24 PM IST