महिलाओं के लिए घर भी एक खतरनाक जगह, UN रिपोर्ट में सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े

- महिलाओं को लेकर एक चौंका देने वाला रिपोर्ट सामने आया है।
- इस रिपोर्ट के अनुसार महिलाओं के लिए उनका घर ही सबसे असुरक्षित जगह है।
- यह रिपोर्ट यूनाइटेड नेशन ऑफिस ऑफ ऑन ड्रग्स एंड क्राइम (UNODC) द्वारा तैयार किया गया है।
डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। महिलाओं को लेकर एक चौंका देने वाली रिपोर्ट सामने आई है। इस रिपोर्ट के अनुसार साल 2017 में हर दिन 137 महिलाओं की हत्या उनके साथ अंतरंग सम्बंध रखने वाले उनके ही पार्टनर के द्वारा की गई। इस स्टडी के अनुसार महिलाओं के लिए उनका घर ही सबसे असुरक्षित जगह है। यह रिपोर्ट यूनाइटेड नेशन ऑफिस ऑफ ऑन ड्रग्स एंड क्राइम (UNODC) द्वारा तैयार की गई है। UNODC ने यह रिपोर्ट इंटरनेशनल डे फॉर एलिमिनेशन ऑफ वायलेंस अगेन्स्ट वुमन 2018 के मौके पर निकाली है।
UNODC की इस रिपोर्ट में कहा गया है कि 2017 में ऐसी 87,000 महिलाओं को उनके पार्टनर या घरेलू सदस्य द्वारा मारा गया। 50,000 मामलों (58%) में महिला की हत्या उससे अंतरंग संबंध रखने वाले व्यक्ति या फिर किसी फैमली मेंबर ने की। वहीं 30,000 मामलों में उस महिला के वर्तमान या पिछले पार्टनर ने उसकी हत्या की है। बता दें साल 2012 में यह संख्या 48,000 थी।
UNODC के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर यूरी फेदतोव ने कहा, "विश्व में सबसे ज्यादा मरने वालों की संख्या पुरुषों की है। वहीं महिलाएं लिंग असमानता, भेदभाव और नकारात्मक रूढ़िवाद का शिकार हुई हैं। मरने वाली महिलाओं में से ज्यादातर हत्याएं उनके साथ अंतरंग संबंध रखने वाले पार्टनर या किसी फैमली मेंबर ने की है।"
यूरी ने कहा, "इस रिपोर्ट से हमें महिलाओं के प्रति हो रहे जुर्म और उसके खिलाफ एक्शन लेने में मदद मिलेगी। इस स्टडी के अनुसार 2017 में अफ्रीका (1.7 per 100,000 महिला) और अमेरिका (1.2) वह क्षेत्र हैं जहां महिलाओं को उनके करीबी से ज्यादा खतरा है और सबसे ज्यादा हत्याएं हुई हैं। वहीं ओशीनिया (जिसमें ऑस्ट्रेलिया और इंडोनेशिया समेत 16 देश शामिल हैं) में 0.9, यूरोप में 0.6 और एशिया महाद्वीप में यह रेट 0.5 है।
इस रिपोर्ट के अनुसार, प्रतिदिन एक लाख महिलाओं में से 2.3 महिलाएं इस तरह अपनी जान गंवाती हैं। इसमें से 1.3 (प्रति लाख) महिलाओं को मारने वाला या तो उनका पार्टनर या फिर फैमली मेंबर होता है। वहीं 0.8 (प्रति लाख) महिलाओं को मारने वाला सिर्फ उनके साथ अंतरंग संबंध रखने वाला व्यक्ति होता है।
UNODC ने अपनी रिपोर्ट के अंत में लिखा है कि सभी देशों ने महिलाओं के प्रति जुर्म को रोकने के लिए कोई न कोई कदम उठा रखा है। इनमें कानूनी परिवर्तन, आविष्कार, एजंसियों द्वारा किया गया प्रयास और स्पेशल यूनिट द्वारा इन जुर्मों के खिलाफ महिलाओं को ट्रेनिंग देना शामिल है। अमेरिका जैसे देश ने इस जुर्म के खिलाफ सख्त कानून बना रखे हैं। हालांकि इसके बावजूद महिलाओं और लड़कियों के प्रति जुर्म की घटनाएं कम नहीं हुई हैं। इसके लिए पुलिस, जस्टिस सिस्टम और हेल्थ-सोशल सर्विस को सख्ती से एकजूट होने की आवश्यकता है।
Created On :   26 Nov 2018 9:49 PM IST