अमेरिका फिर टाल सकता है भारत से पहला 2+2 वार्ता, अब तक नहीं की कोई भी तैयारी

- अमेरिका ने भारत यात्रा के लिए फिलहाल कोई भी व्यवस्था नहीं की है।
- अमेरिकी प्रवक्ता ने कहा कि यूएस के भारत से संबंध काफी अच्छे हैं।
- भारत और अमेरिका के बीच पहले 2+2 वार्ता में देरी हो सकती है।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। भारत और अमेरिका के बीच अगले महीने होने वाले पहले 2+2 वार्ता में देरी हो सकती है। यूएस डिपार्टमेंट ऑफ स्टेट ने गुरुवार को कहा कि भारत की यात्रा के लिए फिलहाल कोई भी व्यवस्था नहीं की गई है। व्यवस्था हो जाने पर मीडिया को सुचित कर दिया जाएगा। खबर है कि अमेरिका एक बार फिर भारत के साथ इस वार्ता को टाल सकता है।
गुरुवार को वाशिंगटन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस कॉन्फ्रेंस में अमेरिकी प्रवक्ता हीदर नऊर्ट ने कहा, "हमने अभी तक किसी भी यात्रा की घोषणा नहीं की है, लेकिन जैसा कि आप सभी अच्छी तरह से जानते हैं, हमारे संबंध भारत सरकार से काफी अच्छे हैं। हमारा भारत के साथ व्यापार में भी बेहतर तालमेल है। यदि हम वहां की यात्रा करते हैं, तो हम कुछ खास मुद्दों पर बैठक करने की कोशिश जरूर करेंगे।"
बता दें कि यह वार्ता पिछले महीने ही आयोजित किया जाना था। यूएस स्टेट डिपार्टमेंट ने इसे बिना कोई कारण बताए स्थगित कर दिया था। इसके बाद उन्होंने इस इनॉगरल 2+2 वार्ता को 6 सितम्बर को कराने का ऐलान किया था। हीदर नऊर्ट ने कहा था कि यह वार्ता नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी। उन्होंने इस वार्ता के लिए अमेरिका के सेक्रेटरी ऑफ स्टेट माइक पॉम्पियो और डिफेंस सेक्रेटरी जेम्स मैटिस के भारत जाने की भी घोषणा की थी।
हीदर नऊर्ट ने कहा था कि अमेरिका और भारत संयुक्त रूप से चुनौतियों का समाधान करने को लेकर इस मुलाकात के लिए तत्पर है। इस दौरे से भारत और अमेरिका को सिक्यूरिटी, आतंकवाद से मुकाबला और डिफेंस क्षेत्र में काफी फाएदा होगा। इस ऐलान के बाद एशियाई मामलों के डिप्टी असिस्टेंट एलिस वेल्स ने कहा था कि आगामी भारत-यूएस 2+2 वार्ता दोनों देशों के बीच संबंधों को बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में कार्य करेगी।
Created On :   24 Aug 2018 10:03 PM IST