शी जिनपिंग ने फिर दोहराया, 'युद्ध के लिए तैयार रहे सेना'

डिजिटल डेस्क, पेइचिंग। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने एक बार फिर अपने देश के सैनिकों को युद्ध के लिए तैयार रहने को कहा है। उन्होंने पीपुल्स लिबरेशन आर्मी को अपनी संघर्ष क्षमताओं और युद्ध की तैयारी को सुधारने के निर्देश दिए हैं। चीनी राष्ट्रपति ने केंद्रीय सैन्य आयोग (CMC) के संयुक्त सैन्य कमान का निरीक्षण करने के दौरान यह टिप्पणी की। पिछले महीने चीनी राष्ट्रपति के रूप में दूसरा कार्यकाल मिलने के ठीक बाद सैन्य अधिकारियों की बैठक में भी शी जिनपिंग ने सेना को युद्ध के लिए तैयार रहने की बात कही थी।
CMC के संयुक्त सैन्य कमान का निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने कहा कि सैन्य बलों को लड़ने और युद्ध में जीतने के लिए तैयार करने के लिए CMC को उनका नेतृत्व करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि CMC को पार्टी और लोगों द्वारा सौंपे गए नए युग के मिशन और कार्यों को भी पूरा करना है। बता दें कि CMC 23 लाख सैनिकों वाली दुनिया की सबसे बड़ी आर्मी (PLA) की हाई कमान है।
शी जिनपिंग द्वारा पिछले 10 दिनों के अंदर दो बार सेना को युद्ध के लिए तैयार रहने के लिए दिए गए इन निर्देशों के कईं मायने निकाले जा रहे हैं। कूटनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दक्षिण चीन सागर को लेकर चीन का कई देशों के साथ विवाद चल रहा है। ऐसे में चीनी राष्ट्रपति अपनी तैयारियों में किसी तरह की कसर नहीं छोड़ना चाहते। गौरतलब है कि कईं बार अमेरिकी नेवी शिप दक्षिण चीन सागर में चीनी शिप्स के करीब पहुंचे हैं। वहीं जापान से भी चीन का आईलैंड विवाद चरम पर हैं। हाल ही में डोकलाम को लेकर भारत के साथ भी चीन की 2 महीने से अधिक समय तक तनातनी रही थी।
बता दें कि 24 अक्टूबर को खत्म हुई CPC की बैठक में शी जिनपिंग को दोबारा राष्ट्रपति, सेना प्रमुख और पार्टी का महासचिव चुना गया है। उनके विचारों को भी संविधान में शामिल करने की बात कही गई है। CPC की बैठक में उन्होंने देश की सेना को साल 2050 तक "वर्ल्ड क्लास" बनाने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि 21वीं सदी के मध्य तक चीनी सेना पूरी तरह से विश्व स्तरीय सेना में तब्दील हो जाएगी।
Created On :   4 Nov 2017 12:42 AM IST