Pakistan Bureaucracy Corruption: 'विदेश भागने की फिराक में हमारे आधे से ज्यादा अफसर', पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का चौंकाने वाला खुलासा

- पाकिस्तान रक्षा मंत्री ने नौकरशाही पर लगाया भ्रष्टाचार करने का आरोप
- काला धन पुर्तगाल में इनवेस्ट करने का किया दावा
- भ्रष्टाचार रैंकिंग में पाकिस्तान 135 नंबर पर
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि हमारे देश के टॉप ब्यूरोक्रेट्स देश छोड़कर दूसरे मुल्क भागने की फिराक में हैं। ख्वाजा आसिफ ने अफसरों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि करोड़ों डॉलर का हेरफेर कर वे पुर्तगाल में संपत्ति खरीद चुके हैं और वहां की नागरिकता लेने की तैयारी कर रहे हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पाकिस्तान की आधे से ज्यादा नौकरशाही ने पुर्तगाल में प्रॉपर्टी खरीदी है और वहां की नागरिकता या निवास लेने की योजना बना रही है। ये सभी संपत्तियां अवैध धन से खरीदी गई हैं। पाक रक्षा मंत्री ने इसे एक "साइलेंट एग्जिट स्ट्रैटेजी" बताया। उन्होंने कहा, ये बड़े-बड़े नौकरशाह हैं, जो अरबों रुपए का भ्रष्टाचार करके आराम से रिटायरमेंट की जिंदगी जी रहे हैं। अफसरशाही हमारी जमीन को गंदा कर रहे हैं।
ख्वाजा आसिफ ने दावा किया कि पाकिस्तान के पंजाब के पूर्व सीएम उस्मान बुजदार के करीबी एक सीनियर नौकरशाह को उसकी बेटी की शादी में 4 अरब पाकिस्तानी रुपए की सलामी (गिफ्ट) मिली थी।
नेताओं पर दोष पर असली फायदा ब्यूरोक्रेट्स को
ख्वाजा आसिफ ने यह भी कहा कि नौकरशाह जो कुछ छोड़ते हैं, वहीं राजनेताओं को मिलता है, फिर भी सारी जिम्मेदारी राजनेताओं पर डाल दी जाती है। ज्यादातर नेताओं के पास न तो विदेशी संपत्ति है और न ही विदेशी नागरिकता, क्योंकि उन्हें जनता का सामना करना पड़ता है और हर 5 साल में चुनाव लड़ना पड़ता है।
पुर्तगाल ही क्यों?
फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स पुर्तगाल को कम जोखिम वाला देश मानता है। वहीं, ब्रिटेन और यूएई जैसे देशों पर सख्त निगरानी है। यही वजह है कि पाकिस्तानी नौकरशाह पुर्तगाल को मनी लॉन्ड्रिंग के लिए सबसे सुरक्षित जगह मानते हैं। वहां के गोल्डन वीजा प्रोग्राम में इन्वेस्ट करने वालों को आसानी से नागरिकता मिल जाती है। इस वजह से नौकरशाहों के देश छोड़ने रास्ता आसान हो जाता है। वह भ्रष्टाचार से कमाए गई दौलत को लीगल दिखाने के लिए पुर्तगाल में संपत्ति खरीदते हैं। यह पैसा "गल्फ-यूरोप लॉन्ड्रिंग कॉरिडोर" के जरिए हवाला से भेजा जाता है।
बता दें कि पाकिस्तान में भ्रष्टाचार एक पुराना और व्यापक मुद्दा है जो राजनीति, नौकरशाही, न्यायपालिका और कानून-व्यवस्था जैसे अहम क्षेत्रों में फैला हुआ है। यह देश की तरक्की में सबसे बड़ी रुकावट बना हुआ है। वहां अक्सर राजनेताओं और नौकरशाहों पर विदेशी संपत्तियों और घोटालों के आरोप लगते रहते हैं। यही वजह है कि 2024 के करप्शन परसेप्शन इंडेक्स (CPI) में 180 देशों में पाकिस्तान की रैंकिंग 135 है।
Created On :   7 Aug 2025 5:36 AM IST