अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा में बड़ा फेरबदल: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने NSC से 100 अधिकारियों को हटाया, डीप-स्टेट पर निशाना

- राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने NSC से 100 अधिकारियों को हटाया
- राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डीप-स्टेट पर निशाना
- अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा में बड़ा फेरबदल
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के इरादे से नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल (NSC) से 100 अधिकारियों को हटाने का बड़ा फैसला लिया है। इस कार्रवाई को कार्यवाहक राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) मार्को रूबियो ने अंजाम दिया है। ट्रंप का यह कदम डीप-स्टेट को खत्म करने की उनकी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
इंडो-पैसिफिक, ईरान और यूक्रेन डेस्क के अधिकारी हटाए गए
सूत्रों के मुताबिक, हटाए गए 100 अधिकारी इंडो-पैसिफिक, ईरान और यूक्रेन से जुड़े मामलों पर काम कर रहे थे। इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में भारत, चीन और दक्षिण-पूर्व एशिया शामिल हैं। हाल ही में भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव और युद्धविराम के मुद्दे पर ट्रंप प्रशासन की भूमिका को लेकर तीखी आलोचना हुई थी।
ट्रंप ने भारत-पाक युद्धविराम का लिया था क्रेडिट
10 मई को ऑपरेशन सिंदूर के चार दिनों के भीतर ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम की घोषणा की थी। हालांकि, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने स्पष्ट किया था कि दोनों देश सामान्य बातचीत कर रहे थे। फिर भी, ट्रंप ने वाहवाही बटोरने के लिए युद्धविराम का श्रेय खुद ले लिया था।
रूस-यूक्रेन और ईरान नीति में बड़ा बदलाव
ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध में अमेरिका की नीति को पूरी तरह पलट दिया है। उन्होंने यूक्रेन को हथियार और आर्थिक सहायता बंद कर दी, जो पिछले तीन साल से जारी थी। बाइडेन प्रशासन की यूक्रेन नीति को उलटते हुए ट्रंप ने रूस के प्रति नरम रुख अपनाया है। ट्रंप को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का करीबी भी माना जाता है। वहीं, ईरान के साथ भी ट्रंप ने बाइडेन की नीति को बदलते हुए वार्ता शुरू की है। दोनों देशों के प्रतिनिधि इस समय रोम में बैठक कर रहे हैं।
NSA माइक वाल्ट्ज को हटाया, रूबियो को अतिरिक्त जिम्मेदारी
ट्रंप ने अपनी दूसरी पारी शुरू होने के कुछ ही हफ्तों में NSA माइक वाल्ट्ज को हटा दिया था। वाल्ट्ज पर मिडिल ईस्ट ऑपरेशन की जानकारी सिग्नल ऐप पर एक ग्रुप में लीक करने का आरोप था, जिसमें गलती से एक पत्रकार को भी जोड़ा गया था। वाल्ट्ज की जगह विदेश सचिव मार्को रूबियो को NSA का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
डीप-स्टेट को खत्म करने की रणनीति
NSC से 100 अधिकारियों को हटाने के पीछे डीप-स्टेट को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। ट्रंप का मानना है कि बाइडेन प्रशासन डीप-स्टेट के प्रभाव में था। इसलिए, महत्वपूर्ण पदों से ऐसे अधिकारियों को हटाना जरूरी है। NSC में वर्तमान में करीब 300 अधिकारी हैं, लेकिन ट्रंप प्रशासन इसे घटाकर 50 तक लाने की योजना बना रहा है। यह कदम ट्रंप के राष्ट्रीय सुरक्षा ढांचे को पूरी तरह अपने नियंत्रण में लाने की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
Created On :   24 May 2025 11:04 PM IST