प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिला फ्रांस का सर्वोच्च सम्मान, भारतीय समुदाय को किया संबोधित, भावुक हुए लोग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिला फ्रांस का सर्वोच्च सम्मान, भारतीय समुदाय को किया संबोधित, भावुक हुए लोग

डिजिटल डेस्क, पेरिस। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय फ्रांस दौरे पर गए हुए हैं, जहां वो अलग-अलग कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। उन्हीं कार्यक्रमों में से एक रहा भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करना और भारत की उपलब्धियों को देशवासियों के सामने रखना। 13 और 14 की दरमियानी रात, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के 'ला सीन म्यूजिकल' में पहुंचे और भारतीय मूल के लोगों के बीच अपना संबोधन दिया। पीएम मोदी ने मिनी भारत, भारत-फ्रांस की दोस्ती, भारत द्वारा जी-20 की अध्यक्षता, भारत-फ्रांस के बीच साझेदारी, भारत की विविधता, चंद्रयान-3 और फ्रांस में भारतीय द्वारा यूपीआई का प्रयोग करने जैसे कई महत्वपूर्ण बिदुओं पर अपना भाषण दिया। पीएम मोदी के भाषण के बाद कई लोग भावुक भी नजर आए और कहा कि, प्रधानमंत्री देश के लिए बहुत कुछ कर रहे हैं।

फ्रांस दौरे पर गए पीएम मोदी के नाम एक और रिकॉर्ड दर्ज हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ऐसे भारतीय हैं जिन्हें फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिला है। पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करने के बाद वो राजधानी पेरिस के एलिसी पैलेस पहुंचे। जहां पर खुद फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने उनका स्वागत किया। यहां पीएम मोदी के लिए डिनर रखा गया था।

'भारत और फ्रांस में अटूट दोस्ती'

फ्रांस के ला सीन म्यूजिकल में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "आज का ये नजारा अपने आप में अद्भूत है, ये उत्साह अभूतपूर्व है, ये स्वागत उल्लास से भर देने वाला है। हम भारतीय जहां भी जाते हैं एक मिनी भारत जरूर बना लेते हैं। यहां पर कुछ लोग 12 घंटे सफर करके आए हैं, इससे बड़ा प्यार क्या हो सकता है। मैं आप सभी का यहां पर आने के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।"

उन्होंने आगे कहा, "इस बार मेरा फ्रांस आना और भी विशेष है कल फ्रांस का नेशनल डे है मैं यहां की जनता को इसकी बधाई देता हूं। प्रधानमंत्री एलिजाबेथ बोर्न मुझे एयरपोर्ट पर रिसीव करने आई थी और कल मैं अपने मित्र राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के साथ नेशनल डे परेड का हिस्सा बनूंगा। ये आत्मीयता सिर्फ दो देशों के नेताओं के बीच नहीं है बल्कि ये भारत और फ्रांस की अटूट दोस्ती का प्रतिबिंब है।"

दुनिया भारत का सामर्थ्य को देख रहा- पीएम मोदी

भारत के जी-20 की अध्यक्षता करने पर पीएम मोदी ने देश की बढ़ती ताकत का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "भारत इस समय जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है। पहली बार किसी देश की अध्यक्षता में ऐसा हो रहा है कि उस देश के कोने-कोने में 200 से ज्यादा बैठकें हो रही हैं। पूरा जी-20 समूह भारत के सामर्थ्य को देख रहा है।" फ्रांस और भारत की अटूट दोस्ती का जिक्र कर पीएम ने आगे कहा, "दोनों देशों के लोगों के बीच का कनेक्ट, दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी विश्वास, इस साझेदारी का सबसे मजबूत आधार है। यहां नमस्ते फ्रांस फेस्टिवल होता है तो भारत में लोग बोन्सू इंडिया का आनंद उठाते हैं।"

पीएम ने भारत की विविधता का किया जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय समुदाय को 'ला सीन म्यूजिकल' में संबोधित करते हुए भारत की विविधता को भी सामने रखा। उन्होंने कहा, "भारत के अलग-अलग कोनों में लगभग 100 भाषाएं पढ़ाई जाती हैं। दुनिया की सबसे पुरानी भाषा तमिल भाषा है। इससे बड़ा गर्व क्या हो सकता है कि दुनिया की सबसे पुरानी तमिल भाषा भारत की भाषा है, भारतीयों की भाषा है।"

चंद्रयान-3 पर दुनिया की नजर

इन सबके अलावा पीएम मोदी ने अंतरिक्ष में भारत का ध्वज फहराने का भी जिक्र किया। 14 जुलाई को चंद्रयान-3 चांद की जमीन छूने के लिए लॉन्च हो रहा है। जिस पर पीएम ने भारतीयों को संबोधित करते हुए कहा, "भारत में चंद्रयान-3 की लॉन्च के लिए रिवर्स काउंटिंग की गूंज सुनाई दे रही ही है। कुछ ही पलों बाद भारत के श्री हरिकोटा से ये ऐतिहासिक लॉन्च होने जा रहा है।" साथ ही पीएम ने फ्रांस में रह रहे भारतीयों के लिए यूपीआई का भी सुविधा देने का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "फ्रांस में भारत के यूपीआई के उपयोग को लेकर भी समझौता हो गया है। आने वाले दिनों में इसकी शुरुआत एफिल टावर से की जाएगी।"

पीएम की बात सुन भावुक हुई महिला

पीएम मोदी के फ्रांस दौरे पर वहां रह रहे भारतीयों में जबरदस्त उत्साह देखी गई। साथ ही कई लोग भावुक भी नजर आए। पीएम मोदी का संबोधन सुनने आई एक महिला ने कहा "हमें लगा कि उन्होंने दिल से बात की। वे हमारे देश के लिए बहुत कुछ कर रहे हैं।"

पीएम के नाम एक और रिकॉर्ड

पीएम मोदी अपने संबोधन के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन द्वारा आयोजित रात्रिभोज के लिए राजधानी पेरिस के एलिसी पैलेस पहुंचे। जहां दोनों नेताओं ने रात्री भोज का आनंद उठाया। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने पीएम मोदी को ग्रैंड 'क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर' से सम्मानित किया। यह फ्रांस का सर्वोच्च सम्मान है। इसी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक और रिकॉर्ड दर्ज हो गया। पीएम मोदी ऐसे पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं जिन्हें फ्रांस ने इस सम्मान से नवाजा है।

Created On :   14 July 2023 3:40 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story