परमाणु सुरक्षा पर हैकर्स की नजर!: कुडनकुलम न्यूक्लियर पावर प्लांट का डेटा हुआ हैक, रिलायंस ग्रुप के जरूरी डॉक्यूमेंट्स भी थे शामिल

कुडनकुलम न्यूक्लियर पावर प्लांट का डेटा हुआ हैक, रिलायंस ग्रुप के जरूरी डॉक्यूमेंट्स भी थे शामिल
तमिनलाडु में देश के सबसे बड़े कुडनकुलम न्यूक्लियर पावर प्लांट से जुड़ी संवेदनशील डेटा लीक हो गई है। वर्ल्ड लीक्स नाम के दो हैकर्स ग्रुप ने पावर प्लांट की जानकारियों को पोस्ट किया है।

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिनलाडु में देश के सबसे बड़े कुडनकुलम न्यूक्लियर पावर प्लांट से जुड़ी संवेदनशील डेटा लीक हो गई है। वर्ल्ड लीक्स नाम के दो हैकर्स ग्रुप ने पावर प्लांट की जानकारियों को पोस्ट किया है। इसमें प्लांट के कुछ हिस्सों के ब्लूप्रिंट (नक्शे), सप्लायर्स की जानकारी, मीटिंग और इंस्पेक्शन रिकॉर्ड्स, उपकरणों के रिव्यू और इंश्योरेंस पॉलिसी से संबंधित करीब 19,000 जरूरी दस्तावेज की डिटेल्स शामिल हैं। वर्ल्ड लीक्स हैकर ग्रुप ने दावा किया कि ये दस्तावेज अनिल अंबानी के रिलायंस ग्रुप के हैं। यह इस प्लांट में कॉन्ट्रक्टर के रूप में काम कर रहा है।

कुडनकुलम न्यूक्लियर पावर प्लांट का डेटा लीक

बता दें, तमिलनाडु स्थित कुडनकुलम न्यूक्लियर पावर प्लांट भारत के 7 परमाणु संयंत्रों में सबसे बड़ा है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अनिल अंबानी के रिलयांस ग्रुप ने बताया कि डेटा में आंशिक सेंधमारी की गई है। कंपनी ने बताया कि यह डेटा थर्ड पार्टी डेटा सेंटर सर्विस प्रोवाइडर योट्टा के सर्वर पर होस्ट था। इस घटना की सूचना रिलायंस ने भारत सरकार से साझा की है। लेकिन, कंपनी ने ये नहीं बताया है कि किस तरह का डेटा चोरी हुआ है।

परमाणु सुरक्षा संबंधी मामलों में सरकारों को सलाह देने और देशों की तैयारियों का आकलन करने वाली संस्था न्यूक्लियर थ्रेट इनिशिएटिव के सीनियर डायरेक्टर निकोलस रोथ ने इस बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि डेटा लीक से प्लांट की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है। इस तरह की घटना ने कंपनियों पर सवाल खड़ा कर दिया है कि वे इन खतरों से निपटने में कितने सक्षम हैं।

रॉयटर्स ने दावा किया है कि उसने लीक हुए दस्तावेजों की जांच की है, जो साल 2016 से लेकर 2025 के बीच के हैं। हालांकि न्यूज एजेंसी रॉयटर्स न इन फाइलों के असली होने की पुष्टि नहीं की है। वर्ल्ड लीक्स वेबसाइट पर मौजूद रिलायंस की कुल 858,000 फाइलों में से 19,000 फाइलें सबसे संवेदनशील और सीक्रेट लगती हैं।

रिलायंस ग्रुप की कंपनी रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर को साल 2018 में कुडनकुलम प्लांट की यूनिट 3 और यूनिट 4 के डिजाइन और कंस्ट्रक्शन का कॉन्ट्रैक्ट मिला था। फिलहाल ये दोनों यूनिट्स बन रही है और साल 2027 तक इसके चालू होने की उम्मीद है। चालू होने के बाद इससे कुल 2000 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा।

यह भी पढ़े -हिमाचलः कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा ने दो समितियों का किया गठन, जन आंदोलन की तैयारियां तेज

कौन है वर्ल्ड लीक्स ग्रुप?

इस हैकर ग्रुप का मेन काम कंपनियों का डेटा चुराकर फिरौती वसूलना है। अगर इसे पैसे नहीं दिए गए तो यह डेटा को डार्क वेब पर सार्वजनिक कर देता है। इससे पहले यह ग्रुप Nike और भारत के टाटा ग्रुप को भी निशाना बना चुका है। इस ग्रुप ने जून में टाटा ग्रुप के डेटा लीक किया था, जिसमें एप्पल और टेस्ला जैसे बड़े ब्रांड्स के कॉन्फिडेंशियल कंपोनेंट डिजाइन शामिल थे। उस समय हैकर्स ने 15 लाख डॉलर की मांग की थी। कंपनी ने पैसे देने से इनकार किया तो डेटा लीक कर दिया गया था।

Created On :   15 July 2026 4:55 PM IST

Tags

Next Story