आपदा: रूस के कामचटका प्रायद्वीप के पूर्वी तट पर 7.4 तीव्रता का भूकंप

रूस के कामचटका प्रायद्वीप के पूर्वी तट पर 7.4 तीव्रता का भूकंप
  • रूस की स्टेट जियोफिजिकल सर्वे ने दी जानकारी
  • भूकंप का केंद्र कामचत्स्की से 149 किलोमीटर दूर था
  • प्रायद्वीप के पूर्वी तट के लिए सुनामी चेतावनी जारी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस के कामचटका प्रायद्वीप के पूर्वी तट पर आज शुक्रवार को शक्तिशाली भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.4 मापी गई है। स्टेट जियोफिजिकल सर्वे ने भूकंप की जानकारी दी है। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। सोलोदोव ने कहा कि हाइड्रोमेट्रोलॉजिकल अधिकारियों के अनुमान के अनुसार, तटीय क्षेत्र के कुछ हिस्सों में 1.5 मीटर तक ऊंची लहरें आ सकती हैं, जबकि घनी आबादी वाले पेत्रोपावलोवस्क क्षेत्र में लहरों की ऊंचाई 0.1 मीटर से कम रहने का अनुमान है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस एकेडमी ऑफ साइंसेज के जियोफिजिकल सर्वे की कामचटका शाखा ने बताया कि भूकंप का केंद्र क्षेत्रीय राजधानी पेत्रोपावलोवस्क-कामचत्स्की से करीब 149 किलोमीटर दूर था। यह भूकंप शाम 6:58 बजे आया और इसकी गहराई 39 किलोमीटर थी।

कामचटका के गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने टेलीग्राम पर पोस्ट पर जानकारी देते हुए बताया कि प्रायद्वीप के पूर्वी तट के लिए सुनामी चेतावनी जारी कर दी गई है और स्थानीय निवासियों को सूचित किया जा रहा है। सभी सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा गया है। भूकंप के तुरंत बाद अधिकारियों ने सामाजिक सुविधाओं और आवासीय भवनों का निरीक्षण शुरू कर दिया है।

स्थानीय जियोफिजिकल सर्वे के आंकड़ों के मुताबिक, भूकंप के बाद कई आफ्टरशॉक दर्ज किए गए, जिनमें से कम से कम 10 झटकों की तीव्रता 5 या उससे अधिक थी। दूरस्थ कामचटका क्षेत्र पिछले दो महीनों में कई शक्तिशाली भूकंप का शिकार हो चुका है, जिनमें 8.8 तीव्रता का एक भूकंप और 7.4 तीव्रता के दो भूकंप शामिल हैं।

Created On :   19 Sept 2025 9:19 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story