Russia-Ukraine War: रूस का यूक्रेन पर सबसे बड़ा हमला, राजधानी कीव पर दागी 70 मिसाइलें और सैकड़ों ड्रोन, 11 की मौत, हजारों साल पुराना चर्च भी तबाह

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच बीते 4 साल से जंग जारी है। इस बीच रूस ने यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया है। इस भयावह अटैक में 11 लोगों की मौत हुई जबकि 53 घायल हुए। इसके साथ ही यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर घोषित किया गया करीब 1 हजार साल पुराना चर्च भी हमले में तबाह हो गया। हमला देश के दो बड़े शहर - राजधानी कीव और खार्किव पर रात में उस समय हुआ जब लोग सो रहे थे।
मिसाइलों और ड्रोन की बारिश
यह हमला कितना बड़ा था, उसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रूस ने एक साथ इन दोनों ही शहरों पर 70 मिसाइलें और 611 ड्रोन दागे, यानि कुल 681 हथियार। हालांकि इनमें से 632 को यूक्रेन ने हवा में ही मार गिराया। इन हमलों में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 53 लोगों बुरी तरह घायल हो गए।
कीव में सबसे ज्यादा नुकसान
रूसी हमलों में राजधानी कीव को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा, जहां 5 लोगों की मौत हुई और 30 से ज्यादा घायल हुए। राजधानी के शेवचेनकिव्स्की इलाके में ही आधे घंटे के अंदर 5 बार हमले हुए। एक 25 मंजिला इमारत और बाजार को निशाना बनाया गया। पूरी रात कीव में धमाकों की जोरदार आवाजें गूंजती रहीं। इस दौरान अपनी जान बचाने के लिए लोगों ने अंडरग्राउंड शेल्डर का सहारा लिया।
1 हजार साल पुराना चर्च तबाह
इस हमले में कीव का सबसे पुराना चर्च भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। 11वीं सदी में इस चर्च को मोनेस्ट्री ऑप द केव्स भी कहते हैं। इस चर्च को यूनेस्को ने विश्व धरोहर घोषित किया हुआ है। रूसी ड्रोन से इस चर्च की छत को तगड़ा नुकसान पहुंचाया गया है। इस हमले को लेकर यूक्रेनी पीएम वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा, 'दो रूसी ड्रोन ने यह नुकसान किया और यह 'ईसाई संस्कृति के खिलाफ रूस का अब तक का सबसे बड़ा अपराध' है।'
रूस ने क्या कहा?
वहीं, इन हमलों पर रूस का कहना है कि उसने केवल उन कारखानों को निशाना बनाया, जहां यूक्रेनी सेना के हथियार बनते हैं। रूसी रक्षा मंत्रालय की ओर से दावा किया गया कि कीव में ड्रोन बनाने वाली फैक्ट्री, रडार प्लांट और मिसाइल बनाने वाला मयांक प्लांट पर हमला किया गया। वहीं, चर्च पर हमले को लेकर रूस की ओर से कहा गया कि यह यूक्रेन की अपनी अमेरिकी पैट्रियट मिसाइल से हुआ, जो कि अपना रास्ता भटक गई थी।
Created On :   15 Jun 2026 8:59 PM IST












