Putin India Visit: ट्रंप टैरिफ वार के बीच आई बड़ी खबर, इस साल के अंत तक भारत का दौरा कर सकते हैं पुतिन

- भारत की यात्रा करेंगे रूसी राष्ट्रपति
- एनएसए डोभाल ने दी जानकारी
- चार साल बाद भारत की यात्रा पर आएंगे पुतिन
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस साल के आखिर में भारत के दौरे पर आ सकते हैं। रूसी न्यूज एजेंसी तास ने भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल के हवाले से यह जानकारी दी। रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु से मुलाकात के दौरान डोभाल ने कहा, "अब हमारे बहुत अच्छे रिश्ते बन गए हैं, जिनकी हम कदर करते हैं। हमारे देशों के बीच एक मजबूत साझेदारी है और हम हाई लेवल पर बातचीत करते हैं।"
रूस के दौरे पर डोभाल
भारतीय एनएसए डोभाल रूस की यात्रा पर हैं। वह बुधवार को वहां पहुंचे थे। इस दौरान उनकाी राष्ट्रपति पुतिन के साथ भी मुलाकात हो सकती है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद अजीत डोभाल की यह पहली रूस यात्रा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के हाल में रूस और भारत के संबंधों पर दिये गए बयान के चलते डोभाल की यह यात्रा काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बुधवार को ट्रंप ने भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगाने की वजह भारत के रूस से लगातार तेल खरीदने को ही बताया था।
4 साल बाद भारत आएंगे पुतिन
यदि रूसी राष्ट्रपति पुतिन भारत आते हैं तो यह उनका बीते चार साल में दूसरा भारतीय दौरा होगा। इससे पहले वे दिसंबर 2021 में करीब 4 घंटे के लिए भारत आए थे। इस दौरान दोनों देशों के बीच सैन्य और तकनीकी समेत कई अहम समझौतों पर साइन किए गए थे।
साल 2022 में यूक्रेन से जंग शुरू होने के बाद पुतिन की यह पहली भारतीय यात्रा होगी। उनकी इस यात्रा से दोनों देशों के बीच आर्थिक रिश्ते और मजबूत होने की उम्मीद है। बता दें कि भारत और रूस ने अपने द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करके सालाना 100 अरब डॉलर से ज्यादा करने को राजी हुए हैं। फिलहाल दोनों देशों के बीच करीब 60 अरब डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार है।
Created On :   7 Aug 2025 8:07 PM IST