Russia-Ukraine Tension: यूक्रेन का रूस पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला, 1,000 से ज्यादा ड्रोन दागे, 2 की मौत, 20 घायल

यूक्रेन का रूस पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला, 1,000 से ज्यादा ड्रोन दागे, 2 की मौत, 20 घायल
रूस में संसदीय चुनाव के आखिरी दिन यूक्रेन ने बड़े ड्रोन हमले किए हैं। रूसी अधिकारियों के मुताबिक, मॉस्को समेत कई जगहों पर नुकसान हुआ है। हमले में दो लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही है। रविवार को यूक्रेन की तरफ से रूस पर बड़े ड्रोन हमले की खबर सामने आई है। रूसी अधिकारियों के मुताबिक, रातभर में 1,000 से ज्यादा ड्रोन रूस की ओर भेजे गए। इनमें बड़ी संख्या में ड्रोन मॉस्को की तरफ आए। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने इसे राजधानी पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला बताया है। न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले के दौरान मॉस्को की एक तेल रिफाइनरी और एक रिहायशी इमारत को नुकसान पहुंचा है। यह हमला रूस में संसदीय चुनाव के आखिरी दिन हुआ है।

दो लोगों की मौत, कई घायल

मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रे वोरोब्योव के अनुसार, हमले में दो लोगों की जान गई और 20 लोग घायल हुए। मरने वालों में 74 साल का एक व्यक्ति और 44 साल की एक महिला शामिल हैं। कई लोगों को सुरक्षित जगह पर भी ले जाया गया। रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि देश के अलग-अलग हिस्सों में 1,100 से ज्यादा यूक्रेनी ड्रोन गिराए गए हैं। वहीं, मॉस्को के मेयर ने कहा कि राजधानी की तरफ आ रहे 450 ड्रोन को नष्ट कर दिया गया है।

चुनाव के बीच हुआ हमला

आपको बता दें कि, यह हमला ऐसे समय हुआ जब रूस में तीन दिन से चल रहा संसदीय चुनाव अपने आखिरी दौर में था। मॉस्को के मेयर ने आरोप लगाया कि हमले का मकसद चुनाव में परेशानी पैदा करना था। हालांकि, यूक्रेन ने इस हमले पर तुरंत कोई बयान नहीं दिया है। रूस ने यूक्रेन के कुछ कब्जे वाले इलाकों और क्रीमिया में भी मतदान करवाया है। यूक्रेन ने इन इलाकों में रूस की ओर से कराए जा रहे मतदान को भी गैरकानूनी बताया है।

Created On :   20 Sept 2026 2:28 PM IST

Tags

Next Story