Iran-Israel Tension: लंच के बदले झटका! ट्रंप ने मुनीर को करवाया लंच, लेकिन US एयरस्ट्राइक के बाद UNSC में दिया ईरान का साथ

- अमेरिका के हमले के बाद यूएनएससी की मीटिंग
- बैठक में कई देशों ने की हमले की निंदा
- पाक ने दिया चीन-रूस का साथ
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका के हवाई हमले के बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परषद (UNSC) की आपातकालीन बैठक बुलाई गई। बताया जा रहा है कि इस मीटिंग में कई देशों ने अमेरिका के हमले की आलोचना की है। निंदा करने वाले देशों में पाकिस्तान का नाम भी शामिल है। पड़ोसी मुल्क ने इजरायल के हमले की निंदा करते हुए कहा कि वह चीन और रूस के साथ है। हल ईरान के आत्मरक्षा के अधिकार का सहयोग करते हैं।
चीन-रूस के साथ पाक
संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि असीम इफ्तिखार अहमद ने कहा कि इस्लामाबाद "ईरानी परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमेरिका की ओर से किए गए हमलों की कड़ी निंदा करता है।" अहमद ने बताया कि पाकिस्तान अपने मित्र चीन और सहयोगी रूस के साथ मिल कर सुरक्षा परिषद में एक प्रस्ताव का मसौदा प्रसारित कर रहा है ताकि इसे अपनाया जा सके। उन्होंने इजरायल के हमले की निंदा की। अहमद ने कहा कि हम इजरायल के कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। हम चीन और रूस के साथ मिलकर ईरान के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन करते हैं।
ईरान की यूएन से मांग
अमेरिका के हमले के बाद ईरान ने संयुक्त राष्ट्र (UN) के सभी सदस्यों से हवाई हमले पर चिंता व्यक्त करने के लिए कहा था। ईरान के विदेश मंत्री सईद अब्बास अरागची ने कहा कि, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (United Nations Security Council) के परमानेंट सदस्य संयुक्त राज्य अमेरिका ने ईरान के शांतिपूर्ण परमाणु प्रतिष्ठानों पर हमला करके संयुक्त राष्ट्र चार्टर, अंतर्राष्ट्रीय कानून और एनपीटी का गंभीर उल्लंघन किया है। आज सुबह की घटनाएं अपमानजनक हैं और इनके परिणाम हमेशा के लिए होंगे। संयुक्त राष्ट्र के हर सदस्य को इस बेहद खतरनाक, अराजक और आपराधिक व्यवहार से चिंतित होना चाहिए।
Created On :   23 Jun 2025 9:31 AM IST