79th Independence Day Program: लगातार 12वीं लाल किले पर तिरंगा फहराएंगे पीएम मोदी, जानिए कैसा रहेगा पूरा कार्यक्रम

- देश मनाएगा 79वां स्वातंत्रता दिवस
- पीएम मोदी 12वीं बार लाल किले से देश को करेंगे संबोधित
- नेहरू के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे पीएम
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत अपना 79वां स्वातंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। 15 अगस्त, दिन शुक्रवार को राजधानी दिल्ली में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। जहां परंपरा के मुताबिक पीएम मोदी तिरंगा फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। यह लगातार 12वीं बार होगा जब पीएम मोदी लाल किले से तिरंगा फहराएंगे और देश संबोधित करेंगे।
मोदी अपने संबोधन में इस बार राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक विकास पर जोर दे सकते हैं। बीते साल उन्होंने अपने 98 मिनट लंबे संबोधन में यूसीसी और महिला सशक्तिकरण जैसे सामाजिक मुद्दों पर फोकस किया था।
खास गेस्ट रहेंगे मौजूद
इस बार स्वातंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 85 ग्राम सरपंचों को इनवाइट किया गया है। इन सभी को स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, महिला सशक्तिकरण और सतत शासन में अपने खास योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कार्यक्रम के लिए लाल किले और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 11 हजार सुरक्षाकर्मी और 3 हजार यातायात पुलिस कर्मी तैनात होंगे। इसके अलावा स्नाइपर्स को ऊंची इमारतों पर तैनात किया गया है। एंटी-ड्रोन यूनिट, सीसीटीवी कैमरे, फेस रिकग्निशन सिस्टम और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन जैसी तकनीक का इस्तेमाल सुरक्षा के लिए किया गया है।
ऐसा रहेगा पीएम मोदी का कार्यक्रम
- सुबह 7.30 बजे कार्यक्रम की शुरुआत होगी। पीएम मोदी लाल किला पहुंचेंगे। वहां पीएम का स्वागत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। इसके बाद सेना और पुलिस द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा।
- गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण करने के बाद 7.35 पर पीएम मोदी लाल किले की प्राचीर पर जाएंगे और फ्लाइंग ऑफिसर रशिका शर्मा की सहायता से तिरंगा फहराएंगे। इस दौरान 1721 फील्ड बैटरी की तरफ से उन्हें 21 तोपों की सलामी दी जाएगी।
- 7.37 नेशनल फ्लैग गार्ड की तरफ से राष्ट्रीय सलामी दी जाएगी। इसके बाद वायुसेना बैंड, जिसमें 11 अग्निवीर वायु संगीतकार शामिल होंगे, राष्ट्रगान प्रस्तुत करेगा।
- सुबह 7.40 पर दो एमआई-17 हेलीकॉप्टरों से कार्यक्रम में मौजूद लोगों पर पुष्पवर्षा की जाएगी।
- 7.45 बजे पीएम मोदी अपना भाषण देना शुरू करेंगे, जो कि सरकार की प्राथमिकताओं, अब तक की प्रमुख उपलब्धियों और भारत के भविष्य के विज़न पर होगा।
- पीएम मोदी के संबोधन के बाद 2500 एनसीसी कैडेट्स और माय भारत स्वयंसेवक राष्ट्रगान गाएंगे।
Created On :   15 Aug 2025 1:03 AM IST