मौसम अपडेट: आंधी-बारिश के साथ ओले की संभावना, यूपी-बिहार के साथ इन 20 राज्यों में मौसम विभाग का अलर्ट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मार्च की शुरुआत में जहां गर्मी धीरे-धीरे बढ़ने लगी थी, वहीं अब मौसम ने फिर से पलटी मार ली है। 15 मार्च के आसपास आए बदलाव के बाद अब सुबह के समय हल्की ठंडक महसूस हो रही है और तापमान भी सामान्य से नीचे चल रहा है।
मौसम विभाग ने जारी किया अपडेट
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में मौसम ऐसे ही बदला-बदला रहेगा। पश्चिमी हिमालय और उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में 20 मार्च तक बारिश, तेज हवा और गरज-चमक के आसार हैं। कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं और हवाओं की रफ्तार 40 से 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
तापमान में गिरावट, लू से राहत
लगातार हो रही बारिश और पश्चिमी विक्षोभ की वजह से अगले एक हफ्ते तक दिन का तापमान कम ही रहने वाला है। अच्छी बात ये है कि फिलहाल कहीं भी लू चलने की संभावना नहीं है।
उत्तर भारत में ज्यादा असर
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 19-20 मार्च के दौरान तेज बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। कई जगह ओलावृष्टि भी हो सकती है।
यह भी पढ़े -भोपाल में रामनवमी समेत इन पर्वों पर मांस विक्रय प्रतिबंधित, उल्लंघन करने वाले पर लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी
पूर्व और मध्य भारत भी अछूता नहीं
IMD के अनुसार, 22 मार्च तक पूर्वी और मध्य भारत में भी मौसम खराब रह सकता है। ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश में तेज हवाएं, बारिश और ओले गिरने की आशंका है। खासकर झारखंड और पश्चिम बंगाल में 60-80 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है।
दिल्ली और यूपी का हाल
दिल्ली-एनसीआर में हाल की बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। अगले तीन दिनों तक बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश भी हो सकती है। वहीं उत्तर प्रदेश में भी तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
बाकी राज्यों में क्या स्थिति
बिहार, झारखंड और उत्तराखंड में भी गरज-चमक, तेज हवा और हल्की बारिश का सिलसिला अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है। कुल मिलाकर, अभी मौसम ठंडा और बदलता हुआ बना रहेगा।
Created On :   19 March 2026 12:39 PM IST














